- Hindi News
- राज्य
- 1 दिसंबर से शुरू होगा संसद का शीतकालीन सत्र, किरेन रिजिजू ने दी पूरी जानकारी
1 दिसंबर से शुरू होगा संसद का शीतकालीन सत्र, किरेन रिजिजू ने दी पूरी जानकारी
नई दिल्ली। संसद का शीतकालीन सत्र अगले महीने से शुरू होने वाला है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि यह सत्र 1 दिसंबर से शुरू होकर 19 दिसंबर तक चलेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और उम्मीद जताई कि यह सत्र रचनात्मक और सार्थक साबित होगा, जो लोकतंत्र को मजबूत करने और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने में मदद करेगा।
आगामी शीतकालीन सत्र से पहले संसद का मानसून सत्र देखने को मिला था, जो 21 जुलाई से 21 अगस्त तक चला था। इस दौरान संसद में कुल 21 बैठकें हुईं थीं। हालांकि, विपक्ष के हंगामे के कारण दोनों सदनों राज्यसभा और लोकसभा में कोई खास फैसला नहीं देखने को मिला था।
मानसून सत्र के दौरान 2 दिन तक ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा हुई, जिसमें 130 से ज्यादा सासंदों ने हिस्सा लिया था। वहीं, लोकसभा में 14 बिल पेश किए गए थे, जिनमें से 12 बिल पास हुए थे। इसके अलावा राज्यसभा में 15 बिलों को मंजूरी मिली थी। इस लिस्ट में आयकर बिल 2025 भी शामिल था, जिसे सरकार ने वापस ले लिया था।
