- Hindi News
- राज्य
- मध्य प्रदेश में जंगली सुअर के शिकार का वीडियो वायरल, वन मंत्री के करीबी पर लगे गंभीर आरोप, पुलिस जां...
मध्य प्रदेश में जंगली सुअर के शिकार का वीडियो वायरल, वन मंत्री के करीबी पर लगे गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी
मध्य प्रदेश में जंगली सुअर के शिकार का वीडियो वायरल, वन मंत्री के करीबी पर लगे गंभीर आरोप, पुलिस जांच में जुटी
मध्य प्रदेश के चंदला में जंगली सुअर के अवैध शिकार का वीडियो वायरल, जिसमें वन मंत्री दिलीप अहिरवार के करीबी सुनील अहिरवार पर आरोप लगे हैं। वन विभाग ने जांच शुरू की।
छतरपुर: मध्य प्रदेश के चंदला विधानसभा क्षेत्र से जंगली सुअर के अवैध शिकार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित रूप से भाजपा समर्थित जनपद सदस्य सुनील अहिरवार को शिकार में शामिल दिखाया गया है। बताया जा रहा है कि सुनील राज्य के वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार के करीबी हैं। वीडियो के वायरल होते ही वन विभाग हरकत में आया है और अवशेषों की फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी गई है। मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है।
स्थानीय लोगों ने एक जनपद सदस्य पर जंगली सुअर का शिकार करने और उसके मांस को खुलेआम लोगों में बांटने का आरोप लगाया है। वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि कैसे कथित जनपद सदस्य ने जंगली सुअर का शिकार किया और बाद में उसका मांस कई लोगों के बीच बांटा।
लोगों का आरोप है कि जनपद सदस्य मध्यप्रदेश के राज्य वन मंत्री दिलीप अहिरवार के खास हैं। वीडियो में जनपद सदस्य जंगली सुअर के मांस में अपना हिस्सा लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में लोगों के बीच हिस्से बांटने की बातचीत भी सुनाई दे रही है। गौरिहार थाना प्रभारी संदीप दीक्षित ने बताया कि वीडियो सुबह मिला है। इस मामले में दो दिन पहले एक महिला, सूअर घूमने की शिकायत लेकर आई थी। इसकी जांच की जा रही है।
वन विभाग और पुलिस जांच में जुटी
लवकुश नगर रेंजर को भी सूचना दी गई है। उनकी जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला सिर्फ वन्यजीवों के अवैध शिकार का नहीं, बल्कि सत्ता के प्रभाव में कानून की अनदेखी का गंभीर उदाहरण बनता जा रहा है। जब वन मंत्री के ही करीबी पर ऐसे आरोप लगें, तो सवाल उठना लाज़िमी है कि जंगलों और वहां रहने वाले जीवों की सुरक्षा किसके भरोसे है? अब देखना होगा कि जांच के नतीजे क्या सामने आते हैं और प्रशासन इस मामले में कितनी पारदर्शिता और सख्ती से कार्रवाई करता है। इस संबंध में एसडीओ नरेश पाटीदार और सीसीएफ नरेश सिंह यादव से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार से भी बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
