- Hindi News
- राजनीति
- दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका समेत विपक्षी सांसदों को लिया हिरासत में, अखिलेश यादव ने बैरिके...
दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका समेत विपक्षी सांसदों को लिया हिरासत में, अखिलेश यादव ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर किया जोरदार प्रदर्शन
दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका समेत विपक्षी सांसदों को लिया हिरासत में, अखिलेश यादव ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर किया जोरदार प्रदर्शन
दिल्ली पुलिस ने बिहार में वोटर सूची विवाद को लेकर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिया। अखिलेश यादव ने बैरिकेडिंग पर किया विरोध प्रदर्शन। विपक्ष ने साफ वोटर लिस्ट की मांग की।
नई दिल्ली: दिल्ली में इंडिया गठबंधन के सांसदों ने बिहार में मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण और कथित वोट चोरी के खिलाफ संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च निकाला। दिल्ली पुलिस ने मार्च रोकने की कोशिश में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया। इस दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विपक्ष ने इसे संविधान और लोकतंत्र की लड़ाई करार देते हुए साफ वोटर लिस्ट की मांग की है।
दिल्ली पुलिस के विपक्षी सांसदों को हिरासत में लेने पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि हकीकत यह है कि वे बात ही नहीं कर सकते हैं। सच्चाई देश के सामने आ चुकी है। ये लड़ाई राजनीतिक नहीं है, ये संविधान को बचाने की लड़ाई है। ये एक व्यक्ति-एक वोट की लड़ाई है, इसलिए हमें साफ वोटर लिस्ट चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मीडिया से बात करते हुए कहा, अगर सरकार हमें चुनाव आयोग तक पहुंचने नहीं देती, तो हमें समझ नहीं आता उसे किस बात का डर है? इस मार्च में सभी सांसद थे, हम शांतिपूर्ण ढंग से मार्च निकाल रहे थे। हम चाहते थे कि चुनाव आयोग सभी सांसदों को बुलाता, हम मीटिंग करते और अपना-अपना पक्ष रखते, लेकिन चुनाव आयोग कह रहा है कि सिर्फ 30 मेंबर आएं। ऐसा कैसे संभव है?
वहीं, कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि, चुनाव आयोग वोट चोरी करवा रहा है और सीनाजोरी भी कर रहा है। उनका हलफनामा शर्मनाक है जिसमें उन्होंने कहा है कि बिहार में जो 65 लाख वोट काटे गए हैं, न उनकी सूची देंगे और न कोई कारण बताएंगे। राहुल गांधी द्वारा वोट चोरी के खिलाफ मुहिम शुरू की गई है। ये आंदोलन अब आगे बढ़ता जाएगा। बता दें कि इस मार्च में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, तृणमूल कांग्रेस, डीएमके और कई अन्य दलों के नेता शामिल हुए।
