- Hindi News
- मनोरंजन
- हनी सिंह और करण औजला की बढ़ी मुश्किलें, महिला आयोग का नोटिस, आपत्तिजनक गानों पर मचा बवाल
हनी सिंह और करण औजला की बढ़ी मुश्किलें, महिला आयोग का नोटिस, आपत्तिजनक गानों पर मचा बवाल
हनी सिंह और करण औजला की बढ़ी मुश्किलें, महिला आयोग का नोटिस, आपत्तिजनक गानों पर मचा बवाल
हनी सिंह और करण औजला के गानों पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों के चलते महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। 11 अगस्त को दोनों सिंगर्स को तलब किया गया है।
नई दिल्ली: भारत के दो चर्चित सिंगर हनी सिंह और करण औजला एक बार फिर विवादों में फंस गए हैं। उनके हालिया रिलीज गानों में महिलाओं के प्रति की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों के चलते पंजाब राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने दोनों गायकों को 11 अगस्त को पेश होने का नोटिस भेजा है।
क्या है पूरा मामला?
करण औजला का गाना ‘MF Gabru’ इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है, लेकिन इसमें महिलाओं के लिए इस्तेमाल किए गए अशोभनीय शब्दों को लेकर भारी विरोध शुरू हो गया है। वहीं हनी सिंह का गाना ‘Millennium’, जिसे 11 महीने पहले रिलीज किया गया था, अब फिर विवादों के घेरे में है। पंजाब महिला आयोग ने इन दोनों गानों में महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा और टिप्पणियों को लेकर डीजीपी को पत्र लिखते हुए सीनियर अधिकारी से जांच कराने की सिफारिश की है।
महिला आयोग की अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा है कि सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों का उल्लंघन करने वाले कंटेंट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आयोग ने हनी सिंह और करण औजला को सुबह 11:30 बजे व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर जवाब देने के आदेश दिए हैं।
करण औजला के गाने ‘MF Gabru’ को महज 6 दिनों में 34 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। हनी सिंह का गाना ‘Millennium’ यूट्यूब पर 396 मिलियन व्यूज के पार जा चुका है। हालांकि, व्यूज के मामले में गाने सुपरहिट हैं, लेकिन महिलाओं के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा पर जमकर विरोध हो रहा है। हनी सिंह का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी उनके कई गानों में महिलाओं को लेकर की गई अश्लील टिप्पणियों पर उन्हें कोर्ट और सामाजिक संगठनों का सामना करना पड़ा है।
इस पूरे मामले में अब सबकी निगाहें 11 अगस्त पर टिकी हैं, जब दोनों सिंगर्स को महिला आयोग के सामने पेश होना है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं हुआ, तो कानूनी कार्रवाई की संभावनाएं भी बन सकती हैं। मामला महिला गरिमा से जुड़ा है, इसलिए इसे लेकर सरकार और समाज दोनों की संवेदनशीलता ज़रूरी है।
