- Hindi News
- मां बम्लेश्वरी धाम रोपवे हादसा: भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा गंभीर घायल, कुशल छेम जाने पहुंचे बड...
मां बम्लेश्वरी धाम रोपवे हादसा: भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा गंभीर घायल, कुशल छेम जाने पहुंचे बड़े नेता
एक ट्रॉली टूटने से हुआ हादसा, रखरखाव और लापरवाही पर गंभीर सवाल
रायपुर। डोंगरगढ़ स्थित प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी देवी धाम में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संचालित होने वाले रोपवे की एक ट्रॉली अचानक टूटकर नीचे गिर गई, जिसकी चपेट में आने से भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा गया है। इस हादसे में पूर्व मंत्री रामसेवक पैकरा भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन उनका सौभाग्य रहा कि वे बाल-बाल बच गए।
हादसे के तुरंत बाद मंदिर परिसर और रोपवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग और सुरक्षाकर्मी फौरन बचाव कार्य में जुट गए। घायल भरत वर्मा को आनन-फानन में डोंगरगढ़ के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर के एमएमआई नारायणा अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
इस दुखद घटना की सूचना मिलते ही प्रदेश भाजपा में हड़कंप मच गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने शुक्रवार को ही रायपुर पहुंचकर अस्पताल में भर्ती भरत वर्मा का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने डॉक्टरों से भी मिलकर उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली और बेहतर इलाज सुनिश्चित करने को कहा।
इस हादसे ने रोपवे के संचालन और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोपवे का उपयोग कथित तौर पर श्रद्धालुओं को लाने-ले जाने के बजाय, पहाड़ पर चल रहे निर्माण कार्यों के लिए सीमेंट, गिट्टी और अन्य भारी सामग्री ढोने के लिए किया जा रहा था। आरोप है कि रोपवे के मेंटेनेंस के नाम पर सिर्फ औपचारिकताएं पूरी की जाती हैं और तकनीकी खामियों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा था, जिसका खमियाजा इस हादसे के रूप में सामने आया है।
दुर्घटना के बाद तत्काल प्रभाव से रोपवे का संचालन रोक दिया गया है। पुलिस और प्रशासन हादसे के वास्तविक कारणों की जांच में जुट गए हैं।
