गर्भपात के लिए महिला की स्वतंत्र सहमति जरूरी, पति या परिजन की नहीं: न्यायालय ने खारिज की डॉ. उज्वला कराडे की अग्रिम जमानत
बिलासपुर. वयस्क महिला की गर्भावस्था समाप्त करने के लिए उसकी अपनी स्वतंत्र और सूचित सहमति अनिवार्य है। पति या परिवार के किसी अन्य सदस्य की सहमति उसकी जगह नहीं ले सकती। अष्टम अपर सत्र न्यायाधीश अनिल प्रभात मिंज ने यह टिप्पणी करते हुए बिना सहमति गर्भपात कराने के मामले में जेपी नर्सिंग होम की संचालक डॉ. उज्जवला कराडे की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।

अदालत ने अपने आदेश में मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी अधिनियम 1971 की धारा 3(4) का उल्लेख किया। कोर्ट ने कहा कि केवल सहमति-पत्र की प्रति पेश कर देने से यह साबित नहीं होता कि सहमति स्वतंत्र रूप से और प्रक्रिया शुरू होने से पहले ली गई थी।
मूल दस्तावेजों की जांच जरूरी : कोर्ट
न्यायालय ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 89 बिना सहमति गर्भपात से जुड़ी है, जिसमें कठोर दंड का प्रावधान है। इस मामले का मुख्य प्रश्न यह है कि परिवादिनी की स्वतंत्र सहमति थी या नहीं। दस्तावेजों की प्रतियों से घटनाक्रम और इलाज का आधार स्पष्ट नहीं होता। मूल सहमति-पत्र, अस्पताल का भर्ती व इलाज रजिस्टर, चिकित्सकीय नोट्स, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के बयान और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। चूंकि ये दस्तावेज आवेदिका के ही संस्थान से जुड़े हैं, इसलिए मूल अभिलेखों की सुरक्षा को देखते हुए शर्तों के साथ जमानत देना उचित नहीं है।
जानें क्या है पूरा मामला.....
कोरबा जिले की रहने वाली विवाहिता का विवाह 26 अप्रैल 2026 को हुआ था। परिवादिनी का आरोप है कि पति उससे तलाक चाहता था और इसी बीच वह तीन माह की गर्भवती हो गई। 12 नवंबर की रात पति ने उसका फोन छीन लिया। अगले दिन 13 नवंबर की सुबह रायपुर ले जाने की बात कहकर पति, सास-ससुर और ननंद उसे सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के गणेशनगर नयापारा स्थित जे.पी. हॉस्पिटल ले गए। आरोप है कि वहां बिना सोनोग्राफी कराए और एनेस्थिसिया देकर अर्धचेतना की हालत में उसका गर्भपात करा दिया गया तथा खाली कागजों पर हस्ताक्षर कराए गए। 14 नवंबर की शाम 7:46 बजे सिरगिट्टी थाने में अस्पताल की संचालिका डॉ. कराडे के खिलाफ अपराध क्रमांक 860/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 89 और 3(5) में मामला दर्ज हुआ।
बचाव पक्ष और पुलिस के तर्क....
डॉ. कराडे के अधिवक्ता अनिल पिल्ले ने अदालत में कहा कि आवेदिका पंजीकृत स्त्रीरोग विशेषज्ञ हैं और 13 नवंबर की सुबह महिला अत्यधिक रक्तस्राव व दर्द की हालत में पति के साथ आई थी। जांच में गर्भ अधूरा निकलने की स्थिति थी और तकलीफ के कारण सोनोग्राफी नहीं हो सकी। बचाव पक्ष का कहना है कि हिंदी और अंग्रेजी के फॉर्म पर सहमति लेकर चिकित्सकीय आवश्यकता के तहत इलाज किया गया।
पुलिस ने जमानत विरोध प्रतिवेदन में बताया कि मामला दर्ज होने के बाद से डॉ. कराडे घर और अस्पताल से फरार हैं। अस्पताल से भौतिक साक्ष्य जुटाना शेष है और जमानत मिलने पर साक्ष्य नष्ट होने की आशंका है। अदालत ने आदेश की प्रति केस डायरी में लगाकर सूचना के लिए थाना प्रभारी सिरगिट्टी को भेजने का निर्देश दिया है।
