10 दिन की पैरोल पर जेल से निकला हत्याकांड का दोषी, 18 साल से पुलिस की पकड़ से बाहर, अब दर्ज हुई एफआईआर
रायपुर : हत्या के मामले में जेल की सजा काट रहा एक बंदी महज 10 दिन की पैरोल लेकर जेल से बाहर निकला, लेकिन फिर ऐसा गायब हुआ कि 18 साल तक उसका कोई सुराग नहीं मिला। जेल से मिली पैरोल के बाद उसने दोबारा जेल पर कदम ही नहीं रखा। अब करीब 18 साल बाद इस मामले में रायपुर की कोतवाली पुलिस ने फरार बंदी गणेश देवांगन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2008 में मिली थी 10 दिन की पैरोल, फिर नहीं लौटा
पुलिस और जेल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार गणेश देवांगन पिता लक्ष्मीनारायण देवांगन को 23 जुलाई 2008 को केंद्रीय जेल रायपुर से 10 दिन की पैरोल पर रिहा किया गया था। जिला दंडाधिकारी रायपुर के आदेश पर उसे यह अस्थायी राहत दी गई थी। पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद उसे वापस जेल में आमद देनी थी, लेकिन निर्धारित तारीख बीत जाने के बावजूद वह जेल नहीं पहुंचा। इसके बाद से उसकी कोई जानकारी सामने नहीं आई।
जेल प्रशासन ने 18 साल बाद पुलिस को लिखा पत्र
लंबे समय से फरार चल रहे बंदी के मामले में केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक ने 19 नवंबर 2026 को कोतवाली थाना प्रभारी को पत्र भेजा। इसमें बंदी क्रमांक 9480/95 गणेश देवांगन के पैरोल से लौटकर नहीं आने की जानकारी देते हुए उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई। जेल प्रशासन के अनुसार इससे पहले भी इस संबंध में पुलिस से पत्राचार किया जा चुका था, लेकिन अब तक मामला एफआईआर तक नहीं पहुंचा था।
पुरानी बस्ती का रहने वाला है बंदी
जेल से मिले दस्तावेजों में गणेश देवांगन का पुराना पता रायपुर के पुरानी बस्ती क्षेत्र में मिनीमाता चौक-बूढ़ेश्वर चौक के आसपास का दर्ज है। दस्तावेजों और थाना क्षेत्र की जांच के बाद मामला कोतवाली थाने के अंतर्गत पाया गया। इसके बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई की।
हाईकोर्ट से जुड़ा है मामला
जेल अधीक्षक ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि मामला उच्च न्यायालय से संबंधित है। ऐसे में फरार बंदी की वर्तमान स्थिति की जानकारी जुटाने और दर्ज एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया था। केंद्रीय जेल से प्राप्त पत्र और दस्तावेजों के आधार पर कोतवाली पुलिस ने गणेश देवांगन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 224 के तहत अपराध दर्ज किया है।
