- Hindi News
- छत्तीसगढ़
- साय सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार जल्द, दिग्गज नेताओं को मिल सकता है मौका
साय सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार जल्द, दिग्गज नेताओं को मिल सकता है मौका
मानसून सत्र से पहले बदलाव की तैयारी, नौकरशाही में भी हो सकते हैं फेरबदल
रायपुर।छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री साय और भाजपा के शीर्ष नेताओं के बीच दिल्ली में होने वाली चर्चा के बाद नए मंत्रियों के नामों पर मुहर लग सकती है। साथ ही, कुछ मंत्रियों को हटाए जाने और विभागों के बंटवारे में बदलाव की भी संभावना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और दोनों उपमुख्यमंत्री 24 मई को नीति आयोग की बैठक में शामिल होने दिल्ली जाएंगे। इस दौरान वे पार्टी के केंद्रीय नेताओं से मंत्रिमंडल विस्तार पर विचार-विमर्श करेंगे। सूत्रों का कहना है कि मई के अंत तक विस्तार की घोषणा हो सकती है।
कौन-कौन बन सकते हैं मंत्री?
मंत्रिमंडल में अमर अग्रवाल, अजय चंद्राकर, रेणुका सिंह और लता उसेंडी जैसे दिग्गज नेताओं को शामिल किए जाने की चर्चा है। वहीं, दयाल दास बघेल, श्याम बिहारी जायसवाल, टंक राम वर्मा और लक्ष्मी रजवाड़े जैसे मंत्रियों को हटाया जा सकता है।
हरियाणा मॉडल पर हो सकता है विस्तार
भाजपा हरियाणा की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में भी मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकती है। हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर 14 मंत्री हैं, जबकि छत्तीसगढ़ में अभी सीएम समेत 11 मंत्री हैं। ऐसे में तीन और मंत्रियों को जोड़े जाने की संभावना है। मंत्रिमंडल विस्तार के साथ ही प्रशासनिक फेरबदल भी हो सकता है। आबकारी, महिला-बाल विकास, स्कूल शिक्षा और सीएम सचिवालय जैसे विभागों में अधिकारियों की तबादले की चर्चा है।
मानसून सत्र से पहले होगा फैसला
जुलाई में होने वाले मानसून सत्र से पहले सरकार इस पूरी प्रक्रिया को अंजाम दे सकती है। भाजपा सूत्रों के अनुसार, पार्टी कमजोर प्रदर्शन कर रहे नेताओं की जगह अनुभवी चेहरों को मौका देने पर विचार कर रही है। इस तरह, छत्तीसगढ़ की राजनीति में जल्द ही एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
