सनसनीखेज खुलासा: अवैध संबंध के शक में सौतेली मां और चाची ने दी मासूम की सुपारी, 14 साल के बच्चे की नृशंस हत्या
बलौदा बाजार जिले में 14 साल के मासूम की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि अवैध संबंधों के शक के चलते उसकी सौतेली मां और चाची ने ही उसकी सुपारी देकर हत्या करवा दी। इस खौफनाक वारदात में छह लोग शामिल थे, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं।
50 हजार में दी सुपारी, मासूम की गला घोंटकर हत्या
1 अप्रैल को लवन पुलिस को ग्राम डोंगरीडीह स्थित महानदी किनारे रेत में दबा एक बच्चे का शव मिला था। जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ और उन्होंने गहन पूछताछ शुरू की। संदेही गोविंदा कोसले, मोगरा धृतलहरे, मीना धृतलहरे और तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ—मृतक की सौतेली मां मीना धृतलहरे और चाची मोगरा बाई धृतलहरे ने गोविंदा कोसले को 50,000 रुपये की सुपारी देकर बच्चे को मरवा दिया था।
शक बना मासूम की मौत की वजह
मृतक बालक के पिता की दो पत्नियां थीं—दुर्गा धृतलहरे और मीना धृतलहरे। मृतक, दुर्गा धृतलहरे का बेटा था। वहीं, चाची मोंगरा धृतलहरे का भी परिवार में किसी से अवैध संबंध को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों महिलाओं को डर था कि बच्चा उनके रिश्तों के बारे में घर में कुछ बता सकता है, इसलिए उन्होंने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम
30 मार्च की रात 8 बजे, आरोपी मासूम को बहाने से बाइक पर बैठाकर महानदी ले गए। वहां बेल्ट से गला घोंटकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी और शव को रेत में दबाकर फरार हो गए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस जघन्य अपराध ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
