250 करोड़ का प्रोजेक्ट 601.48 करोड़ तक पहुंचा, केंद्रीय जांच से बचने फाइल के 8 टुकड़े करने का आरोप...
देऊरगांव बैराज: 22 करोड़ के 4 एनीकट डूबने की आशंका, चित्रकोट जलप्रपात पर भी संकट; टेंडर की शर्तें बदले जाने की शिकायत ....
बस्तर में सिंचाई प्रोजेक्ट के नाम पर तकनीकी और आर्थिक घोटाले के आरोप
जगदलपुर। इंद्रावती नदी पर बनने जा रहा देऊरगांव बैराज शुरू होने से पहले ही बड़े विवादो में घिर गया है। पूर्व में हुए सर्वे में इसकी लागत करीब 250 करोड़ रुपए आंकी गई थी। लेकिन अब इसे बढ़ाकर 601.48 करोड़ रुपए कर दिया गया है। आरोप है कि तकनीकी खामियां छिपाने और केंद्रीय जांच से बचने के लिए पूरे प्रोजेक्ट को 8 टुकड़ों में बांट दिया गया, जिससे राज्य सरकार के खजाने पर पूरे 601.48 करोड़ रुपए का आर्थिक बोझ पड़ेगा। इतना ही नहीं, तकनीकी पैमाइश के आधार पर यह भी कहा जा रहा है कि 5 मीटर ऊंचा यह बैराज बनने से इंद्रावती पर पहले से बने 22 करोड़ रुपए के 4 एनीकट डूब सकते हैं और देश के सबसे चौड़े जलप्रपात चित्रकोट के सूखने का खतरा पैदा हो सकता है...
1990 हेक्टेयर दिखाकर केंद्र को फाइल नहीं भेजी गई....
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरकारी नियमों में 2000 हेक्टेयर से कम सिंचाई रकबे वाली परियोजना को राज्य सरकार अपने स्तर पर मंजूरी देकर बना सकती है, लेकिन ऐसी परियोजना में केंद्र से कोई आर्थिक मदद नहीं मिलती। रिकॉर्ड के मुताबिक, देऊरगांव बैराज की फाइल में रकबा 1990 हेक्टेयर रखा गया और पूरी योजना के 8 टुकड़े कर दिये गए। आरोप है कि ऐसा जानबूझकर किया गया। कहा जा रहा है कि पूरा प्रोजेक्ट एक साथ केंद्र को भेजा जाता तो केंद्रीय वित्तीय मदद मिल सकती थी और केंद्र की तकनीकी टीम इसकी जांच भी कर सकती थी। फाइल राज्य स्तर पर ही रोक दी गई है, और आरोप है कि इससे अब 601.48 करोड़ रुपए का पूरा खर्च राज्य सरकार को उठाना होगा।
जीपीएस पैमाइश में 555 और 560 मीटर के आंकड़े
देऊरगांव के पास इंद्रावती की तलहटी की ऊंचाई समुद्र तल से जीपीएस से नापी गई। 555 मीटर दर्ज हुई। आसपास के खेत औसत 560 मीटर से भी कम ऊंचाई पर बताए गए हैं। कुम्हरावण्ड एनीकट पर भी नदी की तलहटी 555 मीटर दर्ज है। इंद्रावती और कोहकापाल एनीकट से होते हुए ओडिशा बॉर्डर पर बने अंतिम भालूगुडा एनीकट (ऊंचाई 2.25 मीटर) तक पहुंचने पर तलहटी 560 मीटर मिलती है। तकनीकी जानकारों के मुताबिक, 555 मीटर के स्तर पर 5 मीटर ऊंचा बैराज बनने से जलस्तर 560 मीटर तक भरा रहने की स्थिति बनेगी। इससे आसपास की सैकड़ों हेक्टेयर खेती की जमीन डूबने और बरसात में बाढ़ का खतरा बढ़ने की आशंका जताई गई है।
2019 में सूख चुका है चित्रकोट, अब फिर संकट की आशंका
इंद्रावती पर अभी 2 मीटर ऊंचे एनीकट बने हैं। गर्मी के दिनों में इन सभी के गेट खोले जाते हैं। तभी जाकर चित्रकोट जलप्रपात तक पानी की पतली धारा पहुंचती है। रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2019 में जलप्रपात का बहाव पूरी तरह बंद हो गया था। तब कोडारटेड़ा बांध से पानी छोड़कर जलप्रपात फिर शुरू किया गया था। आशंका जताई जा रही है कि अब 5 मीटर ऊंचा बैराज बनने और गर्मी में इसके गेट बंद रहने से चित्रकोट तक पानी पहुंचना लगभग नामुमकिन हो जाएगा। विभाग का दावा है कि भूजल रिचार्ज होने से नदी का बहाव बढ़ेगा। जानकारों का कहना है कि इस प्रक्रिया में कई साल लग जाएंगे।
22 करोड़ के ये 4 एनीकट डूबने की आशंका
आशंका जताई गई है कि देऊरगांव बैराज के बैकवाटर और 560 मीटर के जलस्तर से पहले से बने इन 4 एनीकट पर सीधा असर पड़ेगा:
- कुम्हरावण्ड एनीकट: बैराज के सबसे करीब है। 2 मीटर ऊंचे इस एनीकट को 6.5 करोड़ रुपए में बनाया गया था।
- इंद्रावती एनीकट: ऊंचाई 1.5 मीटर। निर्माण पर 6 करोड़ रुपए खर्च हुए थे।
- कोहकापाल एनीकट: 2 मीटर ऊंचा। बनाने में 5.5 करोड़ रुपए की लागत आई थी।
- इरिकापाल (मालगांव) एनीकट: 2 मीटर ऊंचा यह एनीकट 4 करोड़ रुपए में तैयार हुआ था।
टेंडर में नियम विरुद्ध बदलाव की शिकायत
देऊरगांव बैराज के टेंडर में भी बड़े खेल की शिकायत सामने आई है। शिकायत के मुताबिक, मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली बैठक में जो टेंडर शर्तें तय हुई थीं, उन्हें बाद में नियम विरुद्ध बदल दिया गया। पहले 5 साल में से किसी एक साल का तकनीकी अनुभव मांगा गया था, जिसे बदलकर पूरे 5 साल का अनुभव कर दिया गया। इस टेंडर में कुल 3 कंपनियां शामिल हुईं। इनमें एनसीसी लिमिटेड (NCC Ltd.) एल-1 यानी सबसे कम दर पर रही। शिकायत है कि कंपनी के कई जरूरी दस्तावेज अधूरे थे। वहीं, एल-2 रही रितविक प्रोजेक्ट (Ritwik Projects) के दस्तावेजों में भी तकनीकी गड़बड़ियां बताई गई हैं।
