सुलभ शौचालय के केयरटेकर पर जानलेवा हमला, पति-पत्नी ने मिलकर की लूट, इलेक्ट्रिक स्कूटर को लगाई आग
रायपुर : कलेक्ट्रेट परिसर में दबंगई और गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। टाउनहाल के पास स्थित नगर निगम के सुलभ शौचालय में गाली-गलौज करने से रोकना केयरटेकर को भारी पड़ गया। गुस्से में आए एक युवक ने लोहे की रॉड से केयरटेकर पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर शौचालय की नकदी और मोबाइल लूट लिया। इतना ही नहीं बीच-बचाव करने पहुंचे एक व्यक्ति की इलेक्ट्रिक स्कूटर को आग के हवाले कर दिया। आग की चपेट में आकर शौचालय में रखा जरूरी सामान भी जलकर राख हो गया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। सिविल लाइन पुलिस ने उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
गाली देने से मना किया तो रॉड लेकर टूट पड़ा आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खोंगापानी निवासी रणधीर कुमार सिंह रायपुर कलेक्ट्रेट के टाउनहाल के पास नगर निगम के सुलभ शौचालय में केयरटेकर का काम करता है। 26 नवंबर की रात करीब 8:15 बजे वह अपनी ड्यूटी पर था। इसी दौरान गोलू खान नाम का व्यक्ति वहां एक अन्य शख्स के साथ गाली-गलौज कर रहा था। शौचालय परिसर में इस तरह की हरकत देखकर रणधीर ने उसे ऐसा करने से मना किया। बस इसी बात पर गोलू खान भड़क गया। उसने पहले रणधीर के साथ गाली-गलौज की और फिर लोहे की रॉड से उस पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में रणधीर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पत्नी ने मोबाइल उठाया, पति ने जेब से निकाल लिया नकदी
मारपीट के बीच आरोपी ने लूट की वारदात को भी अंजाम दिया। गोलू खान ने केयरटेकर की जेब में रखे सुलभ शौचालय के कलेक्शन के 6,785 रुपये निकाल लिए, जबकि उसकी पत्नी अंजू साहू रणधीर का मोबाइल फोन लेकर वहां से फरार हो गई। ड्यूटी कर रहे कर्मचारी के साथ मारपीट और लूटपाट कर आरोपियों ने परिसर में जमकर उत्पात मचाया।
बीच-बचाव करने पहुंचे शख्स की स्कूटर में लगा दी आग
हंगामा और चीख-पुकार सुनकर जब एक अन्य व्यक्ति मदद के लिए मौके पर पहुंचा, तो आरोपियों ने उसे भी नहीं बख्शा। उसकी इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उसकी चपेट में सुलभ शौचालय में रखा अन्य जरूरी सामान भी आ गया। इस आगजनी में स्कूटर के साथ शौचालय का सामान भी जलकर खाक हो गया।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, दोनों आरोपियों की तलाश जारी
घटना के बाद पीड़ित रणधीर कुमार सिंह ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गोलू खान और उसकी पत्नी अंजू साहू के खिलाफ मारपीट, लूट, आगजनी और जान से मारने की धमकी देने से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
