NEET पास कर मेडिकल कॉलेज पहुंचा, दो विषयों में बैक ने तोड़ दिया हौसला, पीजी के कमरे में मिला एमबीबीएस छात्र का शव
दुर्ग : जिस बेटे ने कठिन मेहनत और संघर्ष के दम पर नीट जैसी कठिन परीक्षा पास कर डॉक्टर बनने का सपना देखा था, उसी की जिंदगी का दुखद अंत हो गया। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एमबीबीएस तृतीय वर्ष के एक छात्र ने पीजी के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। परिजन जब उससे मिलने पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने और फोन लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं आया। अनहोनी की आशंका पर जब दूसरे छात्रों की मदद से खिड़की से अंदर देखा गया तो छात्र का शव पंखे से लटका मिला। मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें छात्र ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है।
दो विषयों में बैक आने के बाद से परेशान था छात्र
मृतक की पहचान ग्राम चरौदा-जंजगीरी निवासी अभिजीत देवांगन के रूप में हुई है। वह चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार अभिजीत ने नीट की परीक्षा पास करने के लिए काफी मेहनत की थी। हालांकि, पिछली परीक्षा में दो विषयों में बैक आने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। पढ़ाई को लेकर उसके मन में निराशा बढ़ती जा रही थी। शुरुआती जानकारी में इसी शैक्षणिक दबाव को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
एकांत में पढ़ाई करने के लिए लिया था पीजी में कमरा
बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले अभिजीत ने परिजनों से घर से अलग रहकर एकांत में पढ़ाई करने की इच्छा जताई थी। बेटे की इच्छा पर पिता ने भी सहमति दे दी। इसके बाद उसने भिलाई के कोहका क्षेत्र में अवंति बाई चौक के पास एक पीजी में कमरा किराए पर लिया था। वह करीब 10 दिन पहले ही वहां रहने पहुंचा था, लेकिन इन 10 दिनों में महज पांच दिन ही पीजी में रुका था।
परिजन मिलने पहुंचे तो बंद मिला दरवाजा
घटना के दिन अभिजीत के परिजन किसी जरूरी काम से भिलाई आए हुए थे। मेडिकल स्टोर से दवाइयां लेने के बाद उन्होंने सोचा कि बेटे से भी मिल लिया जाए। इसी इरादे से वे सीधे उसके पीजी पहुंच गए। वहां कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। परिजनों ने कई बार दरवाजा खटखटाया और अभिजीत को 10 से 15 बार फोन भी किया, लेकिन न तो दरवाजा खुला और न ही फोन का जवाब मिला।
खिड़की से देखा तो उड़ गए होश
काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजन घबरा गए। उन्होंने पीजी में रहने वाले दूसरे छात्रों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद छात्रों ने खिड़की से टॉर्च की रोशनी डालकर कमरे के भीतर देखा। अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। अभिजीत कमरे में पंखे से लटका हुआ था। इसके बाद तत्काल स्मृतिनगर चौकी पुलिस को सूचना दी गई।
मिला सुसाइड नोट, माता-पिता से मांगी माफी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद किया है। इसमें अभिजीत ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है। गुरुवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल स्मृतिनगर चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस सुसाइड नोट और घटनास्थल से मिले अन्य तथ्यों के आधार पर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
