मकान बना आग का गोला, धुएं से खुली नींद तो सामने दिखीं लपटें, पड़ोसियों की सूझबूझ से बची परिवार की जान
बिलासपुर : शहर के कुदुदंड स्थित चांदनी चौक इलाके में गुरुवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान अचानक आग की लपटों से घिर गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि घर के अंदर रखा सामान, फर्नीचर और पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग की भयावहता के बीच परिवार के सामने जान बचाने की चुनौती खड़ी हो गई। हालांकि, पड़ोसियों की तत्परता और परिवार की सूझबूझ से सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए। हादसे में किसी जनहानि की खबर नहीं है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
धुएं की गंध को समझ नहीं पाया परिवार
जानकारी के अनुसार कुदुदंड चांदनी चौक निवासी राजेंद्र परिहार गुरुवार रात करीब 8:40 बजे अपने परिवार के साथ घर पर थे। इसी दौरान अचानक उन्हें धुएं की गंध महसूस हुई। शुरुआत में परिवार को लगा कि बाहर कहीं कचरे में आग लगी होगी। इसी वजह से किसी ने भी गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। लेकिन कुछ ही देर में घर के सामने वाले हिस्से से धुएं का गुबार उठने लगा और आग की तेज लपटें दिखाई देने लगीं।
पड़ोसियों ने मचाया शोर, जान बचाने घर से बाहर भागा परिवार
मकान से धुआं निकलता देखकर आसपास के लोगों को अनहोनी का अंदेशा हुआ। पड़ोसियों ने तत्काल शोर मचाकर राजेंद्र परिहार को घर में आग लगने की जानकारी दी। आग तेजी से फैल रही थी और घर के भीतर फंसे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। हालात की गंभीरता को देखते हुए राजेंद्र परिहार ने परिवार के सदस्यों के साथ किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
पड़ोसियों ने बोरवेल से डाला पानी, दमकल को भी दी सूचना
आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोकने के लिए पड़ोसियों ने मोर्चा संभाला। उन्होंने तत्काल अपना बोरवेल चालू किया और पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। इसी बीच नगर सेना के दमकल विभाग को भी सूचना दी गई। सूचना मिलने के करीब 25 मिनट बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंचा। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह बुझाया।
आग बुझी तो राख में मिल चुकी थी पूरी गृहस्थी
दमकल की टीम ने आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोक लिया, लेकिन तब तक मकान के अंदर रखा घरेलू सामान जलकर खाक हो चुका था। घर में रखी गृहस्थी का बड़ा नुकसान हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर दमकल वाहन पहुंचने में थोड़ी और देरी हो जाती तो आग आसपास के दूसरे मकानों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी। ऐसे में एक बड़ा हादसा हो सकता था।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, जांच में जुटा प्रशासन
प्रारंभिक जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मकान के सामने वाले हिस्से में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि बिजली के तारों में हुई स्पार्किंग से निकली चिंगारी ने पहले धुएं और फिर भीषण आग का रूप ले लिया। हालांकि, आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हैं। राहत की बात है कि आग से किसी की जान को नुकसान नहीं हुआ।
