छात्रावास में बच्चियों की थाली से गायब हो रही दाल, भरपेट भोजन तक नसीब नहीं, अधीक्षिका के खिलाफ शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं छात्राएं
बस्तर : जिन कंधों पर देश का भविष्य गढ़ने की जिम्मेदारी है, उन्हीं बच्चियों को छात्रावास में दो वक्त का भरपेट भोजन भी नसीब नहीं हो रहा है। शिक्षा और बेहतर भविष्य का सपना लेकर हॉस्टल में रह रही छात्राओं को जब अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए प्रशासन के दरवाजे तक पहुंचना पड़े, तो यह महज अव्यवस्था नहीं, बल्कि जिम्मेदार व्यवस्था के लिए गंभीर चेतावनी है। बस्तर जिले के भानपुरी खंड शिक्षा परियोजना के अंतर्गत बेसौली स्थित छात्रावास की छात्राएं अपनी शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं। छात्राओं ने आरोप लगाया कि हॉस्टल में उन्हें पर्याप्त भोजन नहीं दिया जा रहा है। दाल के नाम पर थाली में सिर्फ पानी परोसा जाता है। जरूरी सामग्रियों में भी कटौती की जा रही है। इतना ही नहीं, छात्राओं ने अधीक्षिका के व्यवहार और छात्रावास में उनकी अनुपस्थिति को लेकर भी शिकायत की हैं।
पढ़ाई छोड़ शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचीं बच्चियां

कलेक्ट्रेट परिसर में स्कूल ड्रेस पहने पहुंची बच्चियों के हाथों में किताबें नहीं, बल्कि शिकायत का आवेदन था। छात्राओं ने प्रशासन को दिए आवेदन में छात्रावास की बदहाल व्यवस्थाओं का जिक्र करते हुए कहा है कि उन्हें न तो ठीक से भोजन मिल रहा है और न ही जरूरी सुविधाएं। छात्राओं ने अधीक्षिका सुलोचना दीवान को हटाकर उनके स्थान पर नई अधीक्षिका की नियुक्ति करने की मांग की है।
दाल के नाम पर पानी, जरूरी सामानों में भी कटौती का आरोप
छात्राओं के अनुसार सितंबर 2026 में अधीक्षिका सुलोचना दीवान की पदस्थापना के बाद से छात्रावास की व्यवस्थाएं प्रभावित हुई हैं। उनका आरोप है कि भोजन की गुणवत्ता और मात्रा दोनों में कमी की जा रही है। थाली में दाल के नाम पर केवल पानी दिया जाता है, जिससे उनका पेट भी नहीं भरता। इसके अलावा छात्रावास में मिलने वाली आवश्यक सामग्रियों में भी कटौती की जा रही है।
हॉस्टल में नहीं रुकतीं अधीक्षिका, डेढ़ घंटे में लौटने का आरोप
छात्राओं ने अधीक्षिका की कार्यप्रणाली पर भी आरोप लगाये हैं। उनका कहना है कि अधीक्षिका भानपुरी से आना-जाना करती हैं और छात्रावास में रुकती नहीं हैं। आरोप है कि वे महज एक से डेढ़ घंटे के लिए छात्रावास आती हैं और फिर वापस चली जाती हैं। छात्राओं का यह भी कहना है कि जब वे अपनी समस्याएं बताती हैं तो अधीक्षिका चिड़चिड़ा व्यवहार करती हैं। इससे बच्चियां अपनी परेशानियां खुलकर बताने से भी कतराती हैं।
बच्चियां बीमार पड़ें तो पालकों को बुलाने की बात
शिकायत में छात्राओं के अनुसार जब छात्रावास में कोई बच्ची बीमार पड़ती है तो उसकी समुचित देखभाल और व्यवस्था करने के बजाय पालकों को बुलाने की बात कही जाती है। छात्रावास में रहने वाली बच्चियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? बीमार होने पर भी उचित देखभाल नहीं मिलती।
दीपावली के बाद से अधीक्षिका के नहीं लौटने का दावा
छात्राओं ने अपने आवेदन में बताया कि दीपावली के बाद से अब तक अधीक्षिका छुट्टी से वापस नहीं लौटी हैं। हालांकि, छात्राओं ने सामूहिक रूप से कलेक्ट्रेट पहुंचकर लिखित शिकायत देना बताता है कि वे अपनी समस्याओं को लेकर कितनी परेशान हैं। बच्चियों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर छात्रावास की व्यवस्था सुधारने और अधीक्षिका को हटाने की मांग की है।
