तेज रफ्तार कार का कहर, सफाई कर्मचारियों से भरी ऑटो को मारी टक्कर...
दुर्ग/ दुर्ग: शहर के व्यस्त महाराजा चौक पर आज सुबह तेज रफ्तार कार ने सवारियों से भरी ऑटो में टक्कर मार दी. हादसा इतना जोरदार था कि ऑटो का पिछला और कार अगला हिस्सा बुरी तरह से छतिग्रस्त हो गया. सड़क हादसे का शिकार बनी ऑटो में कुल 8 सवारियां बैठी थी. सभी सवारी महिला सफाईकर्मी थे और काम पर जा रहे थे. हादसे में चार महिला सफाई कर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं. गंभीर रुप से घायल महिलाओं को जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया है.
दुर्घटना शुक्रवार 11 अप्रैल सुबह 6 बजे की है। जब जेल चौक से उल्टी तरफ से एक किया एसयूवी कार CG 07 CV 1947 तेज रफ्तार में आई और ऑटो को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए, वहीं कार के सामने का बोनट पूरा क्षतिग्रस्त हो गया और एयर बैग तक खुल गए। कार में सवार चालक और अन्य तो सुरक्षित बच गए, लेकिन ऑटो चालक और उसमें सवार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं।
सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 112 की मदद से सभी घायलों को दुर्ग जिला अस्पताल भेजा। वहां 5 महिलाओं की हालत सामान्य है तो वहीं 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वो मामले की जांच कर रही है।
