कुमर्दा और घुपसाल के बीच सड़क निर्माण में विवाद, 50 लाख की मांग और मारपीट की शिकायत
राजनांदगांव। जिले में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान 50 लाख रुपये की वसूली मांगने और पैसे नहीं देने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। कन्हैयालाल अग्रवाल कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष कुमार साहू ने पूरे मामले में राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत की है। शिकायत में भरत वर्मा के खिलाफ fir करने की मांग की गई है।
कुमर्दा और घुपसाल के बीच काम के दौरान विवाद
ईस्कॉन वाटिका राजनांदगांव के रहने वाले मनीष कुमार साहू ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि वे कन्हैयालाल अग्रवाल कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर काम कर रहे हैं। उनकी कंपनी की ओर से अभी राजनांदगांव, डोंगरगांव, चौकी, मोहला और मानपुर मार्ग का निर्माण कार्य किया जा रहा है। शिकायत के अनुसार 20 नवंबर 2026 को ग्राम कुमर्दा और घुपसाल के बीच सड़क निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान भरत वर्मा मौके पर पहुंचे और वहां काम कर रहे कंपनी के कर्मचारियों के साथ गाली गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की गई।
कंपनी के एमडी से 50 लाख रुपये मांगने का आरोप
आवेदन में वसूली और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्रोजेक्ट मैनेजर के मुताबिक भरत वर्मा की ओर से कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर नवीन अग्रवाल से 50 लाख रुपये की वसूली की मांग की गई है। शिकायत में कहा गया है कि जब वसूली की यह रकम नहीं दी गई, तो आरोपी ने कार्यस्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों को निशाना बनाया और उनके साथ गाली गलौच व मारपीट की।
पहले भी मिल चुकी हैं जान से मारने की धमकियां
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया है कि यह पहला मौका नहीं है जब काम में रोक टोक की गई हो। इससे पहले भी भरत वर्मा की ओर से सड़क निर्माण कार्य के संबंध में लगातार गाली गलौच की जाती रही है। आरोप है कि वर्मा काम को लेकर बार बार ब्लैकमेलिंग कर रहा हैं और कंपनी के कर्मचारियों को लगातार जान से मारने व पीटने की धमकी दे रहा हैं।
विभाग की जांच के बाद ही हो रहा सड़क निर्माण...
निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी कंपनी ने अपना पक्ष पुलिस के सामने रखा है। प्रोजेक्ट मैनेजर ने अपनी शिकायत में लिखा है कि कंपनी की ओर से जो भी काम किया जा रहा है, उसका विभाग और उच्च अधिकारियों की ओर से लगातार निरीक्षण किया जाता है। अधिकारी काम की गुणवत्ता की नियमित जांच करते हैं। जांच में सब कुछ सही पाए जाने के बाद ही कंपनी की ओर से आगे का निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसके बावजूद भरत वर्मा की ओर से काम को लेकर लगातार ब्लैकमेलिंग और कर्मचारियों को धमकाने का सिलसिला जारी है। अब इस पूरे मामले में प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष कुमार साहू ने राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत कर कार्यवाही की मांग की है।
