महिला दरोगा रश्मि गौतम की अचानक मौत, सरकारी आवास के बाथरूम में मिलीं बेहोश
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से एक दुखद खबर सामने आई है। जारचा कोतवाली में तैनात युवा महिला सब इंस्पेक्टर रश्मि गौतम की अचानक मौत हो गई। मंगलवार, 17 नवंबर की सुबह वह अपने सरकारी आवास के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिलीं। आनन-फानन में पुलिसकर्मियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। महिला दरोगा की अचानक मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
शुरुआती जांच में उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिता के कई बार फोन करने पर भी नहीं मिला जवाब
जानकारी के मुताबिक, रश्मि गौतम जारचा कोतवाली परिसर में बने सरकारी आवास में रहती थीं। मंगलवार सुबह उनके पिता ने उनसे संपर्क करने के लिए कई बार फोन किया, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी रश्मि ने फोन रिसीव नहीं किया।
लगातार फोन करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो उनके पिता को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने रश्मि की एक महिला सहकर्मी को फोन किया और सरकारी आवास पर जाकर उनकी जानकारी लेने के लिए कहा।
दरवाजा नहीं खुलने पर पुलिस को दी गई सूचना
पिता का फोन आने के बाद महिला सहकर्मी रश्मि गौतम के सरकारी आवास पर पहुंचीं। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी थाना प्रभारी को दी।
सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। जब काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर के अंदर तलाशी लेने पर रश्मि बाथरूम के फर्श पर बेहोश पड़ी मिलीं।
पुलिसकर्मी तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
पुलिस की शुरुआती जांच में महिला दरोगा के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। डॉक्टरों ने प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
2023 बैच की सब इंस्पेक्टर थीं रश्मि गौतम
रश्मि गौतम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर की रहने वाली थीं। वह वर्ष 2023 बैच की सब इंस्पेक्टर थीं और जारचा कोतवाली में तैनात थीं। सरकारी आवास में उनकी इस तरह अचानक मौत होने से साथी पुलिसकर्मियों में दुख का माहौल है।
घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे रश्मि गौतम की मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
