8 किमी की तीसरी रेल लाइन तैयार, अब CRS की हरी झंडी का इंतजार, बिलासपुर–पेंड्रारोड रूट पर बढ़ेगी ट्रेनों की रफ्तार
बिलासपुर : बिलासपुर–पेंड्रारोड रेलखंड पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने और रेल यातायात का दबाव कम करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। करगी रोड और सलकारोड रेलवे स्टेशनों के बीच तैयार 8 किलोमीटर लंबी विद्युतीकृत तीसरी रेल लाइन का सोमवार को दक्षिण पूर्व परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त सुमित सिंघल ने बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान रेल पटरियों से लेकर सिग्नलिंग सिस्टम, पुल-पुलियों और स्टेशन यार्ड तक सुरक्षा व तकनीकी मानकों की गहन पड़ताल की गई। निरीक्षण के बाद नवनिर्मित लाइन पर ओएमएस स्पेशल के माध्यम से स्पीड ट्रायल भी किया गया।
पटरियों से सिग्नल सिस्टम तक जांच की गई सुरक्षा
रेल संरक्षा आयुक्त ने मोटर ट्रॉली से पूरे 8 किलोमीटर रेलखंड का निरीक्षण किया। इस दौरान रेल पथ की गुणवत्ता, पुल-पुलियों की स्थिति, समपार फाटकों की व्यवस्था, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली और अन्य रेलवे परिसंपत्तियों का तकनीकी परीक्षण किया गया। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि नई लाइन पर यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन निर्धारित संरक्षा मानकों के अनुरूप हो।
स्टेशन के पैनल रूम और यार्ड का भी निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान करगी रोड और सलकारोड रेलवे स्टेशनों के पैनल रूम तथा यार्ड की व्यवस्थाओं को भी परखा गया। रेल परिचालन से जुड़ी तकनीकी प्रणालियों की जांच के बाद नवनिर्मित तीसरी लाइन पर ओएमएस स्पेशल के जरिए स्पीड ट्रायल किया गया। इस प्रक्रिया के माध्यम से नई रेल लाइन की परिचालन क्षमता और तकनीकी उपयुक्तता का परीक्षण किया गया।
अंतिम मंजूरी के बाद शुरू होगा ट्रेनों का परिचालन
इस तीसरी रेल लाइन पर यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन रेल संरक्षा आयुक्त की निर्धारित प्रक्रिया के तहत अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद ही शुरू होगा। इसके चालू होने से बिलासपुर–पेंड्रारोड रेलखंड की परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही मौजूदा दोहरी रेल लाइन पर ट्रेनों का दबाव कम करने, गाड़ियों की आवाजाही को अधिक सुगम बनाने और भविष्य में बढ़ते यात्री एवं माल परिवहन की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी हंसराज शर्मा, मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर राकेश रंजन, मुख्य परियोजना अधिकारी राजीव कुमार सहित गति शक्ति इकाई, मंडल एवं मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
