कोरबा: एक ही घर में घुसे दो खतरनाक सांप अजगर और कोबरा, मचा हड़कंप
कोरबा, छत्तीसगढ़: कोरबा जिले में रविवार रात एक घर में दो अलग अलग सांपों के मिलने से हड़कंप मच गया. मानिकपुर क्षेत्र के एक घर के बेडरूम में करीब 9 फीट लंबा अजगर (इंडियन रॉक पायथन प्रजाति का) मिला, जबकि उसी घर के किचन में एक कोबरा भी फन फैलाए दिखा. घर वालों ने तुरंत स्नेक कैचर्स को सूचना दी, जिन्होंने दोनों सांपों को सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा.

घरवालों ने बताया कि रात में खाना खाने के बाद जब वे बर्तन साफ कर रहे थे, तभी बर्तनों के बीच कोबरा को देखकर वे डरकर वहां से भाग गए. तत्काल स्नेक कैचर्स उमेश यादव और अतुल सोनी को बुलाया गया. उन्होंने मौके पर पहुंचकर दोनों सांपों का सुरक्षित रेस्क्यू किया. कोबरा की लंबाई करीब 7 फीट बताई गई है. मकान मालिक ने बताया कि उनका घर जंगल के करीब है, इसलिए सांप निकलने की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं.

स्नेक कैचर उमेश यादव के अनुसार, मौसम बदलने के कारण सांप निकलने की घटनाएं बढ़ गई हैं. उन्होंने बताया कि इस दौरान करैत और नाग जैसे जहरीले सांप अधिक संख्या में मिल रहे हैं. दोनों सांपों को रेस्क्यू करने के बाद जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया.
