NDPS केस में जांच अधिकारी की भूमिका पर हाईकोर्ट की सख्ती, DGP से मांगा शपथ पत्र

NDPS केस में जांच अधिकारी की भूमिका पर हाईकोर्ट की सख्ती, DGP से मांगा शपथ पत्र

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने सरकंडा थाना क्षेत्र में क्लोनाजेपाम (रिवोट्रिल) गोलियों की बरामदगी से जुड़े एनडीपीएस मामले की जांच प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए पुलिस महानिदेशक से व्यक्तिगत शपथ पत्र के माध्यम से जवाब मांगा है । चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र कुमार अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने विशेष रूप से यह स्पष्ट करने को कहा है कि जिस पुलिस अधिकारी शैलेंद्र सिंह की कथित देहाती नालिश के आधार पर एफआईआर दर्ज हुई, वही अधिकारी आगे जांच अधिकारी कैसे बना और उसने मामले में चार्जशीट किस आधार पर पेश की । कोर्ट ने डीजीपी को शैलेंद्र सिंह के पूर्व आचरण और इस मामले में उनकी भूमिका से संबंधित जानकारी भी शपथ पत्र के माध्यम से प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है । मामले की अगली सुनवाई 24 अगस्त 2026 को होगी ।

छत पर मिला था कथित दवाओं से भरा बैग

मामला 15 फरवरी 2026 का है । याचिका के अनुसार, करीब 14 वर्षीय एक नाबालिग को पतंग उड़ाते समय घर की छत पर एक पॉलीथिन बैग मिला था । बच्चे ने मोबाइल के जरिए बैग में रखी दवाओं के संबंध में जानकारी जुटाई और बाद में अपनी मां को इसकी जानकारी दी । परिवार का दावा है कि बैग को संदिग्ध और अनचाही वस्तु समझकर सीढ़ियों के पास कचरे वाली जगह पर रख दिया गया था । इसी दौरान पुलिस ने सुबह करीब 7:35 बजे घर की तलाशी ली । छत से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने के बाद पुलिस ने सीढ़ियों के पास रखे बैग को बरामद किया ।

Read More डोंगरगढ़ में तड़के बड़ा सड़क हादसा: टक्कर के बाद कार में लगी भीषण आग, स्कूटी भी जली; वाहन मालिक की तलाश

पुलिस के अनुसार, बैग से 2,925 क्लोनाजेपाम यानी रिवोट्रिल टैबलेट बरामद हुईं, जिनका कुल वजन करीब 438.750 ग्राम बताया गया है । इसके बाद महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) और 22 के तहत मामला दर्ज किया गया । पुलिस द्वारा इस मामले में चार्जशीट भी दाखिल की जा चुकी है ।

Read More बच्चों की लड़ाई छुड़ाने पहुंचे बुजुर्ग, अचानक जमीन पर गिरे और थम गई सांसें! पारिवारिक विवाद के बीच मौत, भतीजा हिरासत में

पारिवारिक विवाद का हवाला देकर साजिश का आरोप

याचिकाकर्ताओं की ओर से कोर्ट में दावा किया गया कि महिला और उसके पति के बीच लंबे समय से वैवाहिक विवाद चल रहा है । भरण-पोषण, बच्चों की कस्टडी और तलाक से जुड़े मामले भी पहले से लंबित होने की बात याचिका में कही गई है । इसी पृष्ठभूमि में याचिकाकर्ताओं ने आशंका जताई है कि महिला को झूठे मामले में फंसाने के लिए प्रतिबंधित दवाओं को उसके घर में रखा गया हो सकता है । याचिका में यह भी आरोप लगाया गया कि कथित तलाशी से पहले महिला का पति और उसका एक रिश्तेदार सरकंडा थाने में मौजूद थे । याचिकाकर्ताओं ने इस पहलू की भी निष्पक्ष जांच की मांग की है।

नाबालिग को थाने में बैठाने का भी आरोप

याचिकाकर्ताओं ने कोर्ट को बताया कि मामले में 14 वर्षीय बच्चे के खिलाफ कोई एफआईआर दर्ज नहीं होने के बावजूद उसे पुलिस थाने ले जाया गया और कई घंटे तक वहां रखा गया । याचिका के मुताबिक, बच्चे ने पुलिस को लगातार बताया कि बैग उसे छत पर मिला था और बाद में उसने ही उसे सीढ़ियों के पास रखा था । याचिकाकर्ताओं ने बच्चे के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच कराने तथा बैग में मिली दवाओं के वास्तविक स्रोत का पता लगाने की मांग की है । साथ ही यह भी पता लगाने की मांग की गई है कि बैग को छत तक कौन लेकर आया था और पूरे घटनाक्रम में किन लोगों की भूमिका रही ।

जांच की निष्पक्षता पर कोर्ट का सवाल

सुनवाई के दौरान डिवीजन बेंच का मुख्य सवाल पुलिस की जांच प्रक्रिया से जुड़ा रहा । कोर्ट ने डीजीपी से व्यक्तिगत शपथ पत्र दाखिल कर यह बताने को कहा है कि कथित देहाती नालिश दर्ज कराने वाले पुलिस अधिकारी शैलेंद्र सिंह को ही मामले की जांच की जिम्मेदारी किस आधार पर दी गई । बेंच ने यह भी पूछा है कि उसी अधिकारी द्वारा जांच पूरी कर आरोपी महिला के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किए जाने की प्रक्रिया कैसे हुई । कोर्ट ने अधिकारी के पूर्व आचरण से जुड़ी जानकारी भी मांगी है । हाईकोर्ट ने संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी करते हुए अगली सुनवाई में स्वयं या अधिवक्ता के माध्यम से उपस्थित होने का निर्देश दिया है । मामले की अगली सुनवाई 24 अगस्त 2026 को निर्धारित है ।

फिलहाल हाईकोर्ट ने मामले में किसी पक्ष के आरोप को अंतिम रूप से सही नहीं माना है । डीजीपी के शपथ पत्र और आगे होने वाली सुनवाई के बाद जांच प्रक्रिया और संबंधित पुलिस अधिकारी की भूमिका को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी ।

Tags:

Latest News

तीन दिन तक चला ‘डिजिटल अरेस्ट’ का गेम, गिरफ्तारी के डर से शिक्षक ने गंवाए 18 लाख तीन दिन तक चला ‘डिजिटल अरेस्ट’ का गेम, गिरफ्तारी के डर से शिक्षक ने गंवाए 18 लाख
डर से कपड़े-सामान तक छोड़ भागीं 2 नाबालिग, 28 किमी पैदल चलकर पहुंचीं बतौली, पुलिस ने किया रेस्क्यू
CG Transfer: राज्य कर विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 संयुक्त आयुक्तों के तबादले; देखें पूरी लिस्ट
Super El Niño 2026: तेजी से ताकतवर हो रहा अल नीनो, 1950 के बाद सबसे मजबूत घटनाओं में शामिल होने का अनुमान; WMO ने दी चेतावनी
Ayodhya Crime News: हनुमानगढ़ी के नाम पर तंत्र-मंत्र का झांसा, महिला से 2.80 करोड़ की ठगी का आरोप; 3 पर FIR
महामाया मंदिर की दुकानों का विवाद अब लेना लगा सियासी रंग, कथित हिंदूवादी संगठनों पर माहौल बिगाड़ने का आरोप
Bhilai Fire News: हथखोज की श्याम केमिकल फैक्ट्री में भड़की भीषण आग, आसमान में उठता दिखा धुआं; दमकल ने संभाला मोर्चा
बिल्हा के स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था की खुली पोल, कहीं प्राचार्य नदारद, कहीं पीरियड खाली, वीएसके ऐप में 659 शिक्षक गैरहाजिर
CG Crime News: सरकारी स्कूल की प्रधानपाठिका पर घर में ही बच्चों से मारपीट का आरोप, शिकायत के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
रेंजर-डिप्टी रेंजर पर जंगल में घात लगाकर हमला, मारपीट कर मोबाइल-पर्स छीना और बना लिया बंधक
RTE की 25% सीटों पर हाईकोर्ट सख्त, सरकार की ‘कछुआ चाल’ पर जताई नाराजगी
Railway Track Theft: किराए का मकान बना रेलवे माल का ठिकाना? 6.48 टन पटरी के साथ गैस कटर बरामद; आरोपी फरार