तेंदूपत्ता बोनस घोटाला: छापेमारी के बाद सुकमा से लौटी ईओडब्ल्यू-एसीबी टीम, मंगलवार को बंद का आव्हान
रायपुर: तेंदूपत्ता बोनस घोटाले के सिलसिले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ईओडब्ल्यू) और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने सुकमा में की गई छापेमारी के बाद वापस लौट आई है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वनोपज समिति के प्रबंधकों के ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई में घोटाले से जुड़े कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। इस संभावित खुलासे के बाद इलाके में सरगर्मी बढ़ गई है।
गौरतलब है कि लगभग छह करोड़ रुपये के तेंदूपत्ता बोनस में कथित अनियमितताओं के मामले की गहन जांच पड़ताल जारी है। इसी कड़ी में ईओडब्ल्यू ने सुकमा, एर्राबोर और कोंटा के विभिन्न चौदह स्थानों पर एक साथ दबिश दी थी। इस कार्रवाई के दौरान ईओडब्ल्यू-एसीबी की टीम ने पूर्व विधायक मनीष कुंजाम के आवास पर भी दस्तक दी और उनसे इस मामले में पूछताछ की।
विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो लघु वनोपज सहकारी समिति के प्रबंधकों के यहां हुई तलाशी में कुछ ऐसे दस्तावेज़ बरामद हुए हैं, जो इस घोटाले की परतें खोल सकते हैं। कहा जा रहा है कि इन दस्तावेज़ों से स्थानीय व्यक्तियों और कुछ अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका और भी प्रबल हो गई है। छापेमारी की इस कार्रवाई के बाद ईओडब्ल्यू-एसीबी की टीम तो वापस लौट आई है, लेकिन अब उम्मीद है कि जांच को आगे बढ़ाते हुए इस प्रकरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
हालांकि, इस छापेमारी की कार्रवाई से पूर्व विधायक मनीष कुंजाम के समर्थक नाराज़ बताए जा रहे हैं। उनकी नाराजगी इस हद तक बढ़ गई है कि उन्होंने मंगलवार को सुकमा बंद का आव्हान कर दिया है। अब देखना यह है कि इस बंद का इलाके में कितना असर होता है और जांच एजेंसी इस मामले में आगे क्या कदम उठाती है। फिलहाल, तेंदूपत्ता बोनस घोटाले की यह कहानी, जिसमें कथित तौर पर 'ऊपर' से लेकर 'नीचे' तक कुछ 'अपने' भी शामिल हैं, एक दिलचस्प मोड़ पर आ खड़ी हुई है।
