स्वामी आत्मानंद स्कूल 2.50 एकड़ जमीन पर 56 कब्जेधारियों का डेरा, प्रशासन की सुस्ती पर हाई कोर्ट सख्त, एक महीने में जमीन खाली कराने का फरमान
बिलासपुर : शिक्षा के मंदिर की जमीन पर कब्जा जमाकर बैठे 56 लोगों पर अब कार्रवाई की तलवार लटक गई है। जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल की करीब 2.50 एकड़ जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के मामले में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है। जस्टिस ए के प्रसाद की सिंगल बेंच ने कलेक्टर, एसडीएम और तहसीलदार को एक महीने के अंदर नियमानुसार पूरा अतिक्रमण हटाने और जमीन खाली कराने के निर्देश दिए हैं।
10 साल तक लगाई गुहार, नहीं जागा प्रशासन
मामले की सुनवाई के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से पेश शपथपत्र ने प्रशासनिक लापरवाही की तस्वीर सामने रख दी। इसमें बताया गया कि स्कूल प्राचार्य और शाला प्रबंधन समिति पिछले करीब एक दशक से अतिक्रमण हटाने के लिए अधिकारियों को पत्र लिख रहे थे। 21 मई 2014, 13 अगस्त 2020, 10 फरवरी 2021 और 10 अगस्त 2024 को भी आवेदन दिए गए, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
दान की जमीन पर कब्जा, बच्चों के शैक्षणिक गतिविधियों में रूकावट
स्कूल को दान में मिली कुल पांच एकड़ जमीन में से 2.50 एकड़ पर 56 लोगों का कब्जा बताया गया है। इसके चलते विद्यार्थियों को खेल मैदान और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए जरूरी जगह नहीं मिल पा रही है। स्कूल प्रबंधन की योजना है कि जमीन अतिक्रमण मुक्त होने के बाद वहां आधुनिक खेल मैदान बनाया जाएगा और स्कूल की सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
हाई कोर्ट ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई की अनुपालन रिपोर्ट पेश करने का भी निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 7 दिसंबर से शुरू होने वाले सप्ताह में होगी। याचिकाकर्ता अमन केशरवानी की ओर से अधिवक्ता हेमंत केशरवानी ने पैरवी की।
