सफर पर निकलने से पहले कर लें यह जरूरी तैयारी, 6 घंटे बंद रहेंगे चार्जिंग पॉइंट, यात्रियों की सुविधा पर सुरक्षा भारी
बिलासपुर : रेल सफर में रात के वक्त मोबाइल चार्जिंग पर लगाकर बेफिक्र होकर सो जाने वाले यात्रियों को अब अपनी आदत बदलनी होगी। चलती ट्रेन में सुरक्षा को लेकर रेलवे ने ऐसा फैसला लिया है, जिसका सीधा असर हर उस यात्री पर पड़ेगा जो सफर के दौरान मोबाइल, लैपटॉप या दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल करता है। दपूम रेलवे ने ट्रेनों के कोचों में लगे चार्जिंग पॉइंट की बिजली आपूर्ति रात के छह घंटे बंद रखने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के तहत रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक चार्जिंग सॉकेट में बिजली नहीं मिलेगी।
नींद में चार्जिंग छोड़ने की आदत पर लगेगी रोक
रेलवे प्रशासन का यह कदम यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा है। दरअसल, लंबी दूरी की ट्रेनों में बड़ी संख्या में यात्री रात के समय मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्जिंग पर लगाकर सो जाते हैं। ऐसे में उपकरणों, चार्जर या विद्युत सॉकेट में खराबी, ओवरहीटिंग और शॉर्ट-सर्किट जैसी घटनाएं आग लगने का खतरा बढ़ा सकती हैं। रेलवे का मानना है कि रात के समय चार्जिंग पॉइंट की बिजली आपूर्ति बंद रखने से इस तरह के जोखिम को कम करने में मदद मिलेगी।
छह घंटे तक चार्जिंग पर पाबंदी, यात्रियों को करनी होगी तैयारी
निर्धारित समय के दौरान यात्री अपने मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट और अन्य गैजेट चार्ज नहीं कर सकेंगे। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे रात 11 बजे से पहले ही अपने जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज कर लें। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को मोबाइल की बैटरी और पावर बैंक का पहले से इंतजाम रखना होगा।
सुरक्षा के लिए जरूरी है यात्रियों का सहयोग
रेलवे प्रशासन का उद्देश्य रेल यात्रा के दौरान विद्युत उपकरणों से जुड़ी संभावित दुर्घटनाओं को रोकना और यात्रियों को सुरक्षित सफर उपलब्ध कराना है। यात्रियों से भी अपील की गई है कि वे रेलवे के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और चार्जिंग उपकरणों का इस्तेमाल सावधानी से करें। रेलवे की यह व्यवस्था भले ही कुछ यात्रियों के लिए असुविधाजनक हो, लेकिन चलती ट्रेन में आगजनी जैसी गंभीर घटना से बचाव के लिहाज से इसे अहम कदम माना जा रहा है।
