- Hindi News
- कानून
- सारंगढ़ में 90 किलो गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से कंटेनर में हो रही थी तस्करी
सारंगढ़ में 90 किलो गांजा के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से कंटेनर में हो रही थी तस्करी
सारंगढ़: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में गांजा तस्करी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर और पायलटिंग कर रही लग्जरी कार से करीब 90 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 9 लाख रुपए आंकी गई है। इस मामले में एक दंपती सहित पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है, वहीं पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच में जुट गई है। यह मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। 
गांजा की तस्करी कंटेनर वाहन के माध्यम से की जा रही थी, जबकि एक लग्जरी कार उसे पायलट कर रही थी। कार का रजिस्ट्रेशन ओडिशा का होने पर पुलिस को संदेह हुआ। संदेह के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों वाहनों की घेराबंदी की और उन्हें रोककर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक पूछताछ में ही आरोपियों ने गांजा तस्करी की बात कबूल कर ली। इसके बाद कंटेनर की तलाशी में लगभग 90 किलो गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे इस गांजे को ओडिशा से मालखरौदा क्षेत्र की ओर लेकर जा रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में रंजीत साहू (पिता- निरंजन साहू) और श्याम बाबू चौधरी (पिता- सीताराम चौधरी) शामिल हैं, जो दोनों ओडिशा के बरगढ़ जिले के निवासी हैं।
वहीं, देवेंद्र शर्मा हरियाणा से है। इसके अलावा शक्ति जिले के अड़भार निवासी नारायण प्रसाद साहू और उनकी पत्नी संजना साहू भी आरोपियों में शामिल हैं। सिटी कोतवाली पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही इस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच भी तेज कर दी गई है।
लेखक के विषय में
मणिशंकर पांडेय National Jagat Vision के संस्थापक, मालिक एवं मुख्य संपादक हैं। वे निष्पक्ष, सटीक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनका उद्देश्य देश-दुनिया की सच्ची और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुँचाना है।
