पटना में बदमाशों का आतंक, प्रॉपर्टी डीलर को बीच सड़क मारी गोली, मची अफरातफरी, आरोपी फरार
पटना में बदमाशों का आतंक, प्रॉपर्टी डीलर को बीच सड़क मारी गोली, मची अफरातफरी, आरोपी फरार
शाहपुर थाना क्षेत्र के मुबारकपुर मोड़ पर बाइक सवार बदमाशों ने जमीन कारोबारी धर्मेंद्र कुमार उर्फ राहुल को गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। घायल को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में जमीन विवाद की आशंका है, पुलिस जांच में जुटी है।
पटना: पटना के शाहपुर थाना अंतर्गत मुबारकपुर मोड़ के पास उस समय अफरातफरी मच गई, जब बाइक सवार दो अपराधियों ने एक जमीन कारोबारी को गोली मार दी. इस घटना में जमीन कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया. वारदात के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. आनंद-फानन में लोगों ने उसे दानापुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है.
घायल जमीन कारोबारी की पहचान रघुरामपुर चांदमारी निवासी चंद्रमा सिंह का पुत्र धर्मेंद्र कुमार उर्फ राहुल के रूप में हुई है. जो मूल रूप से भोजपुर जिले के उदवंतनगर का रहने वाला बताया जा रहा है. धर्मेंद्र पेशे से जमीन कारोबारी है.बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र कुमार उर्फ राहुल बाजार से सब्जी लेकर स्कूटी से अपने घर जा रहा था. जैसे ही वह मुबारकपुर मोड़ के पास पहुंचा, बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी.
इस फायरिंग में एक गोली उसके बाएं हाथ में और दूसरी पीठ में जा लगी. स्थानीय लोगों की मदद से घायल धर्मेंद्र को पहले अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सगुना मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी दानापुर डीएसपी पंकज कुमार मिश्रा और शाहपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार आनंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. डीएसपी मिश्रा ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि घायल धर्मेंद्र का घरेलू जमीन विवाद चल रहा था.
गोली मारने वाले युवक की पहचान कर दी गई है. जल्दी अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा. साथ ही जमीन कारोबार से जुड़े अन्य विवादों की भी जांच की जा रही है. फिलहाल, पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है. मामले की जांच के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.
