प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक की संदिग्ध मौत, सड़क किनारे मिली लाश, जहर सेवन की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
बिलासपुर : प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर भविष्य संवारने के सपने लेकर बिलासपुर में रह रहे 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार को लालखदान स्थित संत नगर के पास सड़क किनारे उसकी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रायगढ़ जिले के घरघोड़ा निवासी उत्तम कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आत्महत्या की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असल वजह सामने आएगी।
रविवार सुबह निकला, फिर नहीं लौटा कमरे पर
जानकारी के अनुसार उत्तम कुमार दयालबंद इलाके में अपने एक दोस्त के साथ किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि वह रविवार सुबह अपने कमरे से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। सोमवार को उसका शव लालखदान के संत नगर के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। अचानक युवक की लाश मिलने से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने दी पुलिस को सूचना
सड़क किनारे युवक का शव देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान होने के बाद घरघोड़ा में रहने वाले परिजनों को सूचना दी गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन बिलासपुर पहुंचे।
जहर सेवन की आशंका, हर पहलू की पड़ताल
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि उत्तम ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया होगा। हालांकि उसने कथित तौर पर जहर कहां, कब और किन परिस्थितियों में लिया, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस उसके साथ किराए के मकान में रहने वाले दोस्त और अन्य परिचितों से पूछताछ कर रही है। उसके कमरे और घटनाक्रम से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
