2,550 करोड़ के सिकासेर-कोड़ार टेंडर से बड़ी कंपनियां बाहर क्यों रहीं, शर्तें तय करने की प्रक्रिया में किसकी थी भूमिका?
महासमुंद की भाजपा सांसद रूप कुमारी चौधरी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर स्वतंत्र समीक्षा और दोबारा निविदा की मांग की; गरियाबंद संभाग के ऊपर मंडल प्रमुख अधीक्षण अभियंता आई.ए. सिद्दीकी की भूमिका पर भी शिकायतों में लगाए गए हैं आरोप
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन की लगभग 2,550 करोड़ रुपए के बजट वाली सिकासेर-कोड़ार जलाशय लिंक परियोजना की निविदा प्रक्रिया को लेकर महासमुंद की भाजपा लोकसभा सांसद रूप कुमारी चौधरी ने केंद्र से दखल की मांग की है। सांसद ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर वर्तमान टेंडर की स्वतंत्र उच्चस्तरीय तकनीकी और प्रशासनिक समीक्षा कराने का अनुरोध किया है। पत्र में उपलब्ध जानकारी का हवाला देते हुए कहा गया है कि इस परियोजना की निविदा में सीमित प्रतिस्पर्धा दिखी। इसके साथ ही, टेंडर आमंत्रित करने वाले गरियाबंद जल संसाधन संभाग के प्रशासनिक नियंत्रण से जुड़े रायपुर मंडल के अधीक्षण अभियंता आई.ए. सिद्दीकी की भूमिका को लेकर भी अक्टूबर 2026 की शिकायतों और मीडिया रिपोर्ट्स में आरोप लगाए गए थे।
बड़ी कंपनियों ने मांगा अतिरिक्त समय, फिर भी सिमटी बोली
सांसद रूप कुमारी चौधरी के पत्र के मुताबिक, देश की प्रमुख अवसंरचना निर्माण कंपनियों लार्सन एंड टूब्रो (L&T) और जीकेसी प्रोजेक्ट्स लिमिटेड (GKC) ने संबंधित विभाग को पत्र भेजकर टेंडर जमा करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा था। सांसद का कहना है कि यदि पर्याप्त समय और व्यापक प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलता, तो जल संसाधन और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर कार्यों का अनुभव रखने वाली एफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर (Afcons) और मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड (MEIL) जैसी राष्ट्रीय कंपनियां भी बोली में शामिल हो सकती थीं।
पत्र में टेंडर प्रक्रिया के तकनीकी और आर्थिक पहलू का जिक्र किया गया है। इसमें कहा गया है कि समय-सीमा कम रहने या पात्रता शर्तों के दायरे में बड़ी एजेंसियों के न आ पाने से बोली लगाने वालों की संख्या सिमट जाती है। सांसद के तर्क के अनुसार, अधिक अनुभवी कंपनियों की भागीदारी से राज्य को श्रेष्ठ तकनीक, बेहतर गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मक दरें मिलने की संभावना रहती है, जबकि सीमित प्रतिस्पर्धा से राज्य इन विकल्पों से वंचित रह सकता है।
टेंडर शर्तों और मंडल स्तर की मंजूरी में आई.ए. सिद्दीकी की भूमिका...
इस परियोजना का टेंडर गरियाबंद जल संसाधन संभाग ने आमंत्रित किया था। प्रशासनिक ढांचे के अनुसार गरियाबंद संभाग, जल संसाधन एवं भू-जल सर्वेक्षण मंडल, रायपुर के अधीन आता है। इस मंडल के प्रमुख यानी अधीक्षण अभियंता के रूप में आई.ए. सिद्दीकी संभाग स्तर से भेजे जाने वाले तकनीकी प्रस्तावों, प्राक्कलनों (Estimates) और टेंडर दस्तावेजों की जांच तथा अनुमोदन की श्रृंखला में प्रमुख कड़ी थे।
अक्टूबर 2026 में सिकासेर-कोड़ार लिंक नहर सहित जल संसाधन विभाग की तीन बड़ी परियोजनाओं के टेंडर को लेकर हुई शिकायतों और मीडिया रिपोर्ट्स में आई.ए. सिद्दीकी का नाम सामने आया था। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया था कि निविदा की शर्तों—जैसे टर्नओवर के मानदंड और शुद्धि-पत्र को तैयार करने तथा पूरी टेंडर प्रक्रिया के संचालन में उनकी केंद्रीय भूमिका थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र जांच से पुष्टि नहीं हुई है और इस विषय पर अधिकारी या विभाग का आधिकारिक पक्ष अभी सामने नहीं आया है। दस्तावेजी जांच का मुख्य प्रश्न यह है कि जब दो बड़ी कंपनियों ने अतिरिक्त समय मांगा था, तब समय-सीमा और टर्नओवर की शर्तों की समीक्षा मंडल और विभाग स्तर पर किस आधार पर की गई।
पूर्व परियोजनाओं का अनुभव और लागत बढ़ने की आशंका...
रूप कुमारी चौधरी ने पत्र में राज्य की पूर्व सिंचाई और अधोसंरचना परियोजनाओं के अनुभव को आधार बनाया है। उन्होंने लिखा है कि शुरुआती स्तर पर व्यापक प्रतिस्पर्धा, योग्य एजेंसी के चयन, कठोर गुणवत्ता नियंत्रण और स्वतंत्र तकनीकी निगरानी से परियोजनाएं तय समय में पूरी होती हैं। इससे लागत बढ़ने और तकनीकी जटिलताओं की आशंका कम रहती है। पत्र के अनुसार, निर्माण में देरी या गुणवत्ता में कमी से सार्वजनिक धन के उपयोग की प्रभावशीलता और जनविश्वास—दोनों प्रभावित होते हैं।
ईपीसी अनुभव , पांच स्तरीय निगरानी का प्रस्ताव...
सांसद ने पात्रता मानदंडों में संशोधन का प्रस्ताव भी रखा है। उन्होंने बड़े जल अंतरण ,लिफ्ट सिंचाई , उच्च क्षमता पंपिंग स्टेशन, बड़े व्यास की पाइपलाइन और बहु-हजार करोड़ रुपए की ईपीसी (EPC) परियोजनाओं का सिद्ध अनुभव रखने वाली एजेंसियों को प्राथमिकता देने की मांग की है।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उत्तरदायित्व तय करने के लिए उन्होंने पूरे निर्माण काल में इंडिपेंडेंट इंजीनियर, थर्ड पार्टी क्वालिटी ऑडिट, जियो-टेक्निकल ऑडिट, हाइड्रोलिक रिव्यू, आधुनिक डिजिटल गुणवत्ता निगरानी प्रणाली और नियमित तकनीकी निरीक्षण अनिवार्य करने का अनुरोध किया है।
ये है छह प्रमुख मांगें.....
छत्तीसगढ़ शासन की लगभग 2,550 करोड़ रुपए की इस परियोजना का उद्देश्य सिकासेर जलाशय के अतिरिक्त पानी का वैज्ञानिक उपयोग कर कोड़ार जलाशय तक जल अंतरण करना और सिंचाई क्षमता बढ़ाना है। इससे महासमुंद और गरियाबंद जिले लाभान्वित होंगे। दोनों जलाशय और पूरा कमांड क्षेत्र महासमुंद लोकसभा के अंतर्गत आता है।
केंद्रीय गृह मंत्री से की गई सांसद की छह प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
- वर्तमान निविदा प्रक्रिया की स्वतंत्र उच्चस्तरीय तकनीकी और प्रशासनिक समीक्षा कराई जाए।
- शर्तों या समय-सीमा से भागीदारी प्रभावित होने की बात सामने आने पर संशोधित मानदंडों और पर्याप्त अवधि के साथ दोबारा टेंडर बुलाया जाए।
- पात्रता शर्तें ऐसी हों कि L&T, Afcons और MEIL सहित देश की अन्य अनुभवी कंपनियां समान रूप से भाग ले सकें।
- बड़े जल अंतरण, लिफ्ट सिंचाई, उच्च क्षमता पंपिंग स्टेशन, बड़े व्यास की पाइपलाइन और ईपीसी अनुभव को प्राथमिकता दी जाए।
- निर्माण काल में इंडिपेंडेंट इंजीनियर, थर्ड पार्टी ऑडिट, जियो-टेक्निकल ऑडिट, हाइड्रोलिक रिव्यू और डिजिटल निगरानी अनिवार्य की जाए।
- परियोजना के हर चरण में पारदर्शिता, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, समयबद्ध क्रियान्वयन और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
पत्र के अंत में रूप कुमारी चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प और गुणवत्तापूर्ण आधारभूत संरचना निर्माण का उल्लेख करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री से मार्गदर्शन और हस्तक्षेप का अनुरोध किया है, ताकि परियोजना तय समय-सीमा में पूरी होकर महासमुंद संसदीय क्षेत्र के लाखों किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा का लाभ दे सके।

