विष्णु देव के 'सुशासन' पर सवालिया निशान: जशपुर में बच्चियां भी सुरक्षित नहीं, पुलिस पर उठते गंभीर सवाल
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दो नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म की दिल दहला देने वाली घटनाओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव के गृह क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रदेश में बीजेपी सरकार बनने के बाद सुशासन का दावा किया जा रहा था, लेकिन लगातार हो रहे अपराध, खासकर मासूमों के खिलाफ बढ़ते जघन्य कृत्य, पुलिस की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लगा रहे हैं। ताजा घटनाओं ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अपराध रोकने में पुलिस पूरी तरह विफल साबित हो रही है, जिसका खामियाजा मासूम बच्चियों को भुगतना पड़ रहा है। इन वारदातों ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है और लोग दहशत में हैं।
पहला मामला करडेगा चौकी क्षेत्र का है, जहां 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी दुष्कर्म हुआ। एसएसपी शशि मोहन सिंह के अनुसार, 14 जून की शाम को एक 25 वर्षीय युवक पीड़िता के घर पहुंचा। वह परिवार का पूर्व परिचित था। आरोपी ने अपने साथियों के साथ शराब पी और नशे में घर में ही सो गया। रात में जब बच्ची के माता-पिता पड़ोस में चल रहे शादी समारोह को देखने छत पर गए, तभी बच्ची की चीख सुनकर मां नीचे आई। उसने देखा कि आरोपी बच्ची के साथ दुष्कर्म कर रहा था। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। दूसरा मामला थाना बगीचा क्षेत्र का है, जहां ढाई साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ। इस मामले में भी आरोपी परिवार का जानकार था और शराब के नशे में था। पुलिस ने दोनों पीड़िताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया है। एसएसपी ने बताया कि इस तरह थाना बगीचा क्षेत्र में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी डेढ़ साल की बेटी को लेकर अपने रिश्तेदार के घर गया था, जिसकी बेटी की हाल ही में डिलीवरी हुई थी। घर पहुंचने पर उसने और एक अन्य व्यक्ति (उम्र 43 वर्ष) ने मिलकर शराब पी। इस दौरान जब वह टॉयलेट गया, तो अपनी बच्ची को उसी व्यक्ति को गोद में देकर गया। कुछ देर बाद लौटा तो बच्ची उसकी मां की गोद में थी और उसके प्राइवेट पार्ट से खून निकल रहा था। जब पूछताछ की गई, तो आरोपी ने जवाब दिया कि बच्ची गोदी से गिर गई थी। लेकिन परिजन को उस पर संदेह हुआ और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर थाना बगीचा में तत्काल बीएनएस की धारा 64(2)(एफ), 65(2), 4 व 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया और पीड़िता का डॉक्टर से परीक्षण कराया गया। पुलिस ने आरोपी 43 वर्षीय व्यक्ति को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया है।
