महंगे मोबाइल लेकर 3.23 लाख की चपत, भुगतान मांगने पर 5 लाख का चेक थमाया, फिर रकम देने से मुकरा गया आरोपी, धोखाधड़ी का केस दर्ज
बिलासपुर : दुकानदार का भरोसा जीत कर चार महंगे मोबाइल फोन लेना और फिर भुगतान के समय पैसे देने से मुकर जाना। शहर के करबला रोड स्थित एक मोबाइल दुकान संचालक के साथ ऐसी ही ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने मोबाइल खरीदने के लिए पहले भरोसा जीता, फिर तीन अलग-अलग बार में चार महंगे फोन हासिल कर लिए। बदले में 5 लाख रुपए का हस्ताक्षर किया हुआ चेक थमाया, लेकिन जब 3 लाख 23 हजार रुपए की वास्तविक कीमत चुकाने की बारी आई तो वह मुकर गया। दुकानदार ने चेक बैंक में लगाने की बात कही तो आरोपी ने नया पैंतरा चलते हुए चेक गुम होने की रिपोर्ट पहले ही थाने में दर्ज कराने का दावा कर दिया। रकम मांगने पर कथित तौर पर धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी निर्मन किंगरानी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिचित युवती के जरिए बढ़ाया संपर्क, फिर मोबाइल खरीदने का शुरू हुआ सिलसिला
पुलिस के अनुसार सिंधी कॉलोनी निवासी जितेंद्र कुमार मलघानी की पुराना बस स्टैंड के पास करबला रोड पर ‘सुनीता म्यूजिक’ नाम से मोबाइल दुकान है। जितेंद्र ने शिकायत में बताया कि 31 अक्टूबर को एक परिचित युवती के माध्यम से निर्मन किंगरानी से उनकी फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान निर्मन ने महंगे मोबाइल खरीदने की इच्छा जताई और समय पर भुगतान करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसने अपने एक परिचित को मोबाइल लेने के लिए दुकान भेजना शुरू कर दिया।
तीन बार में लिए 4 महंगे मोबाइल, कीमत थी 3.23 लाख रुपए
शिकायत के अनुसार आरोपी के परिचित ने तीन अलग-अलग मौकों पर दुकान पहुंचकर कुल चार महंगे मोबाइल फोन लिए। सभी मोबाइल की कीमत 3 लाख 23 हजार रुपए थी। लेनदेन के दौरान निर्मन किंगरानी ने 5 लाख रुपए का हस्ताक्षर किया हुआ चेक दुकानदार को दिया। उसी दिन शाम तक पूरी रकम चुकाने का भरोसा दिलाया। भुगतान का आश्वासन मिलने पर दुकानदार ने भी बिना किसी संदेह के मोबाइल सौंप दिए।
रकम मांगते ही दिखाए तेवर, चेक को लेकर सुनाई नई कहानी
दुकानदार को उम्मीद थी कि शाम तक उसके खाते में रकम आ जाएगी, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। अगले दिन जितेंद्र ने फोन कर बकाया रकम मांगी तो आरोपी ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद दुकानदार ने चेक बैंक में जमा करने की बात कही। इस पर आरोपी ने दावा किया कि वह चेक गुम होने की रिपोर्ट पहले ही थाने में दर्ज करा चुका है। आरोपी की इस बात से दुकानदार के सामने भुगतान पाने का रास्ता और मुश्किल हो गया।
रकम मांगने पर हो गया आरोपी का रवैया आक्रामक
पीड़ित जितेंद्र का आरोप है कि जब उन्होंने बार-बार अपनी रकम मांगी तो आरोपी का रवैया और आक्रामक हो गया। आरोप है कि निर्मन किंगरानी ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। मोबाइल भी जा चुके थे और भुगतान के लिए दिया गया चेक भी विवादों में घिर गया। लगातार टालमटोल और कथित धमकियों से परेशान होकर दुकानदार ने आखिरकार कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया अपराध, चेक और लेनदेन की शुरू हुई जांच
मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी निर्मन किंगरानी के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त, तीनों लेनदेन, दिए गए चेक और चेक गुम होने की रिपोर्ट से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
