दुर्ग में 22 हजार वाहन मालिकों पर ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई, 1.37 करोड़ का ई-चालान बकाया; नोटिस जारी
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों पर ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। जिले में करीब 22 हजार वाहन मालिक ऐसे हैं, जिन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन किया है, लेकिन ई-चालान जारी होने के बावजूद जुर्माने की राशि जमा नहीं की है। इन वाहन मालिकों पर करीब 1 करोड़ 37 लाख रुपये का ई-चालान बकाया है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने और निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद अब यातायात पुलिस ने संबंधित वाहन मालिकों को नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नोटिस मिलने के बाद भी चालान का भुगतान नहीं करने वालों के खिलाफ आगे नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दो महीने में 22 हजार वाहन मालिकों को नोटिस
ट्रैफिक एएसपी कौशलेन्द्र देव पटेल ने बताया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और लोगों को यातायात नियमों का पालन कराने के लिए लगातार ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। मोटरयान अधिनियम के तहत पूर्व में जारी किए गए ई-चालानों की समीक्षा भी की जा रही है। इसमें सामने आया है कि बड़ी संख्या में वाहन मालिकों ने अब तक अपने चालान का भुगतान नहीं किया है।
ऐसे वाहन मालिकों को यातायात पुलिस दुर्ग की ओर से नोटिस जारी कर बकाया जुर्माना जमा करने के लिए सूचित किया जा रहा है। पिछले दो महीनों में करीब 22 हजार वाहन मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं। पुलिस का उद्देश्य बकाया चालानों का भुगतान सुनिश्चित करने के साथ ही लोगों को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार बनाना है।
QR कोड स्कैन करते ही घर बैठे जमा होगा चालान
वाहन मालिकों को चालान भुगतान में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए यातायात पुलिस ने नोटिस में क्यूआर कोड की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। वाहन मालिक अपने मोबाइल फोन से नोटिस पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर शासकीय ई-चालान वेबसाइट पर पहुंच सकते हैं। इसके बाद ऑनलाइन माध्यम से आसानी से बकाया चालान की राशि जमा की जा सकती है।
इसके अलावा आम नागरिकों की सुविधा के लिए दुर्ग पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर ई-चालान भुगतान की पूरी प्रक्रिया का वीडियो भी अपलोड किया गया है। इससे वाहन मालिक घर बैठे भुगतान करने का तरीका समझ सकते हैं और बिना किसी परेशानी के अपना बकाया जुर्माना जमा कर सकते हैं।
जिले में जारी हुए 73,677 ई-चालान
यातायात पुलिस के अनुसार दुर्ग जिले में अब तक कुल 73,677 ई-चालान जारी किए जा चुके हैं। इनमें से लगभग 24 हजार ई-चालानों का भुगतान वाहन मालिकों द्वारा किया जा चुका है। वहीं बड़ी संख्या में चालान अभी भी लंबित हैं। पुलिस अब पुराने बकाया मामलों को निपटाने के लिए नोटिस के माध्यम से वाहन मालिकों पर भुगतान का दबाव बना रही है।
भुगतान नहीं किया तो ब्लॉक हो सकता है सर्विस रिकॉर्ड
यातायात पुलिस दुर्ग ने वाहन मालिकों को चेतावनी दी है कि नोटिस मिलने के बाद भी यदि लंबे समय तक बकाया ई-चालान का भुगतान नहीं किया जाता है, तो संबंधित वाहनों का विवरण और प्रकरण परिवहन विभाग को भेजा जाएगा। इसके बाद नियमानुसार संबंधित वाहनों के सर्विस रिकॉर्ड ब्लॉक कराने की कार्रवाई की जा सकती है।
बिना हेलमेट 84 हजार और शराब पीकर वाहन चलाने पर 2400 चालकों पर कार्रवाई
दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ पुलिस ने व्यापक कार्रवाई भी की है। आंकड़ों के मुताबिक, बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले करीब 84 हजार चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 2,400 वाहन चालकों पर भी यातायात पुलिस ने कार्रवाई की है।
इसके अलावा तेज गति से वाहन चलाने के 2,502 और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के 722 मामले सामने आए हैं। पुलिस की इन कार्रवाइयों का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण लगाना और वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करना है।
यातायात पुलिस ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने लंबित ई-चालान की जांच कर जल्द से जल्द जुर्माने की राशि जमा करें, ताकि भविष्य में किसी तरह की कानूनी या परिवहन संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े।
