रफ्तार और लापरवाही के कहर से बुझ गया 2 घरों का चिराग, हादसों में दो युवक की मौत, एक घायल रेफर
जेपीएम : मरवाही थाना क्षेत्र में अलग-अलग दो हादसों में दो परिवारों के घरों के चिराग बुझ गए। एक युवक धान की मिसाई के लिए ट्रैक्टर-थ्रेसर लेकर खेत पहुंचा था, लेकिन खेत की मेड़ पर ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पीछे लुढ़कने से उसकी जान चली गई। वहीं, दूसरी घटना में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
खेत की मेड़ पर बेकाबू हुआ ट्रैक्टर, पहिए के नीचे आया युवक
पहला हादसा धुम्माटोला में हुआ। जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय दीपक यादव धान की मिसाई के लिए ट्रैक्टर-थ्रेसर लेकर खेत जा रहा था। बुधराम गोंड के खेत के पास ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 31 बी 8316 को खेत की मेड़ पर चढ़ाने की कोशिश की जा रही थी। मेड़ पर अधिक चढ़ाई होने के कारण ट्रैक्टर आगे नहीं बढ़ पा रहा था। इसी दौरान चालक दलवेंद्र सिंह परस्ते ने लापरवाहीपूर्वक एक्सीलेटर दबा दिया। इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर अचानक पीछे की ओर लुढ़क गया। ट्रैक्टर के पीछे की ओर लुढ़कते ही पास में खड़ा दीपक यादव उसकी चपेट में आ गया। ट्रैक्टर का दाहिना पहिया उसे कुचलते हुए निकल गया। हादसे में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और आसपास मौजूद लोग उसे अस्पताल लेकर निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
सामने से आई स्कॉर्पियो ने बाइक को मारी टक्कर
दूसरी घटना चंगेरी मुरूम खदान के पास की है। परासी निवासी 48 वर्षीय गोपाल प्रसाद लोनिया अपने साथी शिव प्रसाद केवट के साथ बाइक क्रमांक सीजी 12 सीआर 4186 से चंगेरी की ओर से परासी लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 04 क्यूएफ 6984 से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक जगनंदन लोनिया तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार गोपाल प्रसाद और शिव प्रसाद दोनों घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों को स्कॉर्पियो से ही मरवाही अस्पताल पहुंचाया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने गोपाल प्रसाद लोनिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल शिव प्रसाद केवट को बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया।
दोनों मामलों में वाहन चालकों पर अपराध दर्ज
दोनों हादसों के बाद मरवाही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की, घटनास्थल का निरीक्षण और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर कार्रवाई की गई। पहले मामले में ट्रैक्टर चालक दलवेंद्र सिंह परस्ते के खिलाफ धारा 106(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। वहीं, दूसरे मामले में स्कॉर्पियो चालक जगनंदन लोनिया के खिलाफ धारा 281, 125(ए) और 106(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
