झारसुगुड़ा से ट्रॉली बैग में लेकर आ रहा था गांजा, मुखबिर की सूचना पर 6.396 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार
बिलासपुर : शहर में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तारबाहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 6.396 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के अलावा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक सेरसा मैदान रोड के पास ट्रॉली बैग में गांजा लेकर सरकंडा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही तारबाहर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 6.396 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और एक मोबाइल फोन जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में झारसुगुड़ा से गांजा लाना बताया
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आकाश श्रीवास(25) बताया। आरोपी सरकंडा थाना स्थित अशोक विहार फेस-2 का निवासी हैं। पूछताछ में उसने गांजा झारसुगुड़ा से बिक्री के लिए लाना बताया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तारबाहर में अपराध क्रमांक 319/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
टीम ने घेराबंदी कर पकड़ा
यह कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिटी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में तारबाहर पुलिस ने टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामनरेश यादव, आरक्षक राजेश श्रीवास, रूपलाल चंद्रा, भागीरथी गेंदले, राहुल राजपूत, महेंद्र सोनकर, नुरूल कादिर और मोहन कोर्राम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
