अधूरे मकानों ने खोली योजना की पोल, तीन ठेकेदारों पर 7.49 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप, FIR दर्ज
कवर्धा : गरीबों को पक्की छत देने वाली प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना में हितग्राहियों के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कहीं मकान अधूरे पड़े हैं तो कहीं निर्माण के नाम पर किस्तों की रकम लेने के बाद भी काम पूरा नहीं किया गया। कवर्धा जिले में ऐसे मामलों को लेकर पुलिस ने अब तक तीन ठेकेदारों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज की है। ताजा मामला बोड़ला विकासखंड के ग्राम दुलदुला का है, जहां तीन विशेष पिछड़ी जनजाति के हितग्राहियों से कुल 2 लाख 40 हजार रुपये लेने के बावजूद आवास निर्माण पूरा नहीं करने का आरोप है।
तीन हितग्राही, 2.40 लाख रुपये और अधूरे मकान
ग्राम पंचायत बेंदा के ग्राम दुलदुला में विशेष पिछड़ी जनजाति के हितग्राही राजिम धुर्वे, उनके बड़े भाई सोनेलाल धुर्वे और पड़ोसी छिरवैया धुर्वे के नाम प्रधानमंत्री जनमन आवास स्वीकृत हुए थे। आवास निर्माण की जिम्मेदारी पूर्व सरपंच के पति और ठेकेदार शेख निजामुद्दीन उर्फ निक्की खान ने ली थी। आरोप है कि ठेकेदार ने तीनों हितग्राहियों से पहली किस्त के 40-40 हजार रुपये और दूसरी किस्त के 60-60 हजार रुपये लिए। इस तरह प्रत्येक हितग्राही से 80 हजार रुपये और तीनों से कुल 2 लाख 40 हजार रुपये हासिल किए गए। लेकिन रकम लेने के बाद भी आवास निर्माण पूरा नहीं कराया गया।
रकम मांगी तो नहीं लौटाई, थाने में दर्ज शिकायत
हितग्राहियों का आरोप है कि जब उन्होंने अधूरे आवासों को पूरा कराने या अपनी रकम वापस करने की मांग की, तब भी उन्हें राहत नहीं मिली। आखिरकार मामला पुलिस तक पहुंचा। शिकायत के आधार पर थाना चिल्फी पुलिस ने शेख निजामुद्दीन उर्फ निक्की खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
जनमन आवास में तीसरी FIR, 7.49 लाख की ठगी के आरोप
कवर्धा जिले में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत कथित धोखाधड़ी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी दो अन्य ठेकेदारों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई हो चुकी है। आमानारा गांव निवासी बैसाखू बैगा की शिकायत पर थाना तरेगांव जंगल में ठेकेदार तुमेश गोड़ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। वही राजाढ़ार गांव निवासी देवसिंह की शिकायत पर थाना चिल्फी में ठेकेदार कुमार मेरावी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इन तीनों मामलों में कुल 7 लाख 49 हजार रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप है।
जिले में 9,675 आवास स्वीकृत
कवर्धा जिले में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत कुल 9,675 आवास स्वीकृत किए गए हैं। इस योजना का उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के परिवारों को पक्के मकान की सुविधा देना है।
