टैक्स चोरी में होटल वेलकम श्री सील होने से बौखलाया हिस्ट्रीशीटर दीपक टंडन।
फर्जी न्यूज पोर्टल the honey badger News पोर्टल बनाकर राष्ट्रीय जगत विजन के प्रबंध संपादक पर किया एआई जनरेटेड भ्रामक हमला
प्रदेश भर में दर्ज हैं ठगी और ब्लैकमेलिंग के कई मामले
- फर्जी पत्रकार बनकर आदतन अपराधी कर रहा छवि खराब करने की कोशिश, डीएसपी से लेकर कारोबारियों तक को बना चुका है शिकार
क्राइम रिपोर्टर | रायपुर । राजधानी रायपुर में नगर निगम द्वारा लाखों रुपये के संपत्तिकर बकाए में होटल वेलकम श्री को सील किए जाने की खबर प्रकाशित करने पर विवादित किरायेदार कारोबारी और हिस्ट्रीशीटर दीपक टंडन बौखला गया है। इस आदतन अपराधी ने राष्ट्रीय जगत पहल अखबार और वेब राष्ट्रीय जगत विजन न्यूज वेबसाइट के प्रबंध संपादक की छवि खराब करने के लिए एआई जनरेटेड फर्जी तस्वीरों और झूठी खबरों का सहारा लिया है। सच्चाई सामने आने से झल्लाए दीपक टंडन ने खुद को पत्रकार बताते हुए एक फर्जी न्यूज पोर्टल the honey badger बना लिया है जिसके जरिए वह ब्लैकमेलिंग और भ्रामक प्रचार कर रहा है। इससे पहले भी इस शातिर ठग पर कोयला टेंडर के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी और 27 लाख रुपये की ठगी सहित महिला डीएसपी को बदनाम करने जैसे कई संगीन मामले दर्ज हैं।
टैक्स चोरी में होटल पर हुई थी सीलिंग की कार्रवाई
नगर निगम रायपुर ने प्रॉपर्टी टैक्स के लाखों रुपये जमा नहीं करने पर किरायेदार दीपक टंडन किराए पर संचालित होटल वेलकम श्री पर सख्त कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया था। निगम के राजस्व विभाग ने कई बार नोटिस भेजे लेकिन आदतन डिफॉल्टर होने के कारण उसने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद निगमायुक्त के सख्त निर्देश पर पुलिस बल की मौजूदगी में होटल के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया गया था। राष्ट्रीय जगत विजन ने इस प्रशासनिक कार्रवाई को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। अपने काले कारनामों की पोल खुलते देख यह विवादित कारोबारी बौखला गया और उसने मीडिया प्रबंधन के खिलाफ फर्जी खबरें फैलाना शुरू कर दिया।
एआई और फर्जी पोर्टल से रच रहा साजिश
सच उजागर होने से बौखलाए दीपक टंडन ने अब खुद को पत्रकार के रूप में पेश करना शुरू कर दिया है। उसने एक अवैध न्यूज पोर्टल तैयार किया है जिसका इस्तेमाल वह वसूली और सम्मानित लोगों की छवि बिगाड़ने के लिए कर रहा है। राष्ट्रीय जगत विजन के प्रबंध संपादक मनि शंकर पाण्डेय के खिलाफ सोशल मीडिया पर अमर्यादित और मनगढ़ंत खबरें फैलाई जा रही हैं। इसके लिए आधुनिक एआई तकनीक का दुरुपयोग कर फर्जी तस्वीरें और भ्रामक कंटेंट तैयार किया गया है। यह पूरी साजिश एक सोची समझी रणनीति का हिस्सा है ताकि सच सामने लाने वाली मीडिया की आवाज को दबाया जा सके।
महिला डीएसपी को भी बना चुका है निशाना
दीपक टंडन की गुंडागर्दी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उसने पुलिस विभाग को भी नहीं बख्शा। डीएसपी कल्पना वर्मा ने आरोप लगाया था कि दीपक टंडन ने उन पर दर्ज केस वापस लेने का भारी दबाव बनाया। जब बात नहीं बनी तो उसने छवि खराब करने की नीयत से सोशल मीडिया पर उनके नाम से फर्जी चैट और मनगढ़ंत तस्वीरें वायरल कर दीं। डीएसपी अपने बकाया पैसे मांगने इसके विवादित होटल गई थीं जिसके बाद यह पूरा विवाद खड़ा हुआ था।
ठगी के बड़े मामलों का है मुख्य आरोपी
इस फर्जी वेबपोर्टल संचालक का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड बेहद लंबा है। सक्ती जिले के कोयला कारोबारी किशन शर्मा ने मार्च 2022 में शिकायत दर्ज कराई थी कि टंडन ने कोयले का बड़ा टेंडर दिलाने का झांसा देकर उनसे 15 लाख रुपये की ठगी की है। गारंटी के रूप में जो चेक दिए गए वे उस बैंक खाते के थे जिसे पहले ही बंद किया जा चुका था। कोरबा जिले के दीपका थाने में भी इसके खिलाफ कोल ट्रांसपोर्ट का काम दिलाने के नाम पर 27 लाख रुपये ऐंठने का संगीन मामला दर्ज है।
व्यापमं घोटाला और सरेआम पिटाई
साल 2018 में व्यापमं की राजस्व निरीक्षक परीक्षा का प्रश्नपत्र दिलाने के नाम पर भी दीपक टंडन ने कई बेरोजगारों से मोटी रकम ठगी थी। इस शातिर ठग के कारनामों के कारण कई बार इसकी सरेआम फजीहत भी हो चुकी है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो वायरल हुआ था जिसमें कुछ लोग इस कारोबारी को सरेआम लात घूंसों और बेल्ट से बेरहमी से पीटते और कपड़े उतारते नजर आ रहे थे। लोगों के पैसे हड़पने और धोखाधड़ी करने के कारण यह हमेशा विवादों में घिरा रहता है।
दीपक टंडन की निगम के विरुद्ध फर्जी शिकायत...होटल मालकिन ने कहा, होटल सील रहने दें मैं अभी उपयोग नहीं करना चाहती....
मोबाइल पर बातचीत में भवन स्वामी सरिता बाजपेयी ने बताया कि उनके द्वारा जोन कार्यालय में 05.10.2026 को आवेदन देकर बकाया राजस्व कर की भुगतान नही करने तक उक्त संपत्ति को सील रहने देने साथ ही कहा कि अभी वह अपने संपत्ति का उपयोग नही करना चाहती उन्हें निगम द्वारा की गई सीलिंग की कार्यवाही से कोई अपत्ती नही है उनके द्वारा 31.03.2027 तक संपूर्ण बकाया कर जमा करने तक उक्त संपत्ति को सील रखने हेतु निगम आयुक्त से निवेदन किया गया है उन्होंने ये भी बताया कि किराएदार द्वारा cm कार्यालय में फर्जी शिकायत की गई है। कि होटल का संपूर्ण टैक्स जमा कर दिया गया है।
दीपक टंडन का मकान भी सील
नगर निगम के बाद अब बैंक ने भी हिस्ट्रीशीटर दीपक टंडन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अवंती विहार और जगन्नाथ मंदिर के पास स्थित मकान और एक अन्य मकान को भी बैंक ने सील कर दिया है।
पुलिस और साइबर सेल कर सकती है बड़ी कार्रवाई
फिलहाल दीपक टंडन कई मामलों में जमानत पर बाहर जरूर है लेकिन उसके खिलाफ पुलिस और प्रशासन की जांच लगातार जारी है। अब फर्जी न्यूज पोर्टल बनाकर लोगों को ब्लैकमेल करने और आईटी एक्ट के उल्लंघन के मामले में प्रशासन जल्द ही इस हिस्ट्रीशीटर पर शिकंजा कस सकता है। एआई का दुरुपयोग कर फेक न्यूज फैलाने के इस नए मामले में साइबर सेल में शिकायत दर्ज होने के बाद कड़ा एक्शन लिया जा सकता है।
