ताज होटल के कमरे में रायपुर के राइस मिलर की मौत, एक रात पहले कमरे में आई थी युवती
रायपुर : छत्तीसगढ़ के जाने-माने राइस मिलर और कारोबारी दीपक कुमार मित्तल की चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार को होटल के कमरे में बेहोश मिले मित्तल को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। होटल के कमरे से शराब और कुछ दवाइयां मिलने और घटना से एक रात पहले एक युवती के कमरे में आने की जानकारी सामने आने के बाद मामले की जांच ने नया मोड़ ले लिया है।
होटल के कमरे में मिले बेसुध, अस्पताल में मृत घोषित

जानकारी के अनुसार दीपक कुमार मित्तल पंजाब सरकार को राशन किट की आपूर्ति करने वाले ठेकेदार थे। वे मार्कफेड की एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ पहुंचे थे और सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में ठहरे हुए थे। बुधवार को होटल का एक वेटर किसी काम से उनके कमरे में पहुंचा, तो वे बिस्तर पर बेहोश पड़े मिले। होटल प्रबंधन को सूचना दी गई और उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कमरे में शराब, दवाइयां, ओवरडोज की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने होटल के कमरे की जांच की। शुरुआती जांच में कमरे से शराब और कुछ दवाइयां मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद अत्यधिक शराब के सेवन और दवाइयों की ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी मौत की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मौत से एक रात पहले कमरे में पहुंची थी युवती
पुलिस के अनुसार कारोबारी की मौत से एक रात पहले एक युवती उनके होटल के कमरे में आई थी। पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, इस मामले में युवती की क्या भूमिका हैं इस पर अभी कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी जांच
फिलहाल पुलिस होटल में हुई घटनाओं की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। कमरे से मिले सामान, युवती से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। रायपुर के कारोबारी की होटल में हुई इस संदिग्ध मौत के पीछे क्या वजह रही, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
