Faridabad Firing News: रात 2 बजे रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के घर गोलियां बरसाकर फरार हुए बदमाश, CCTV से खुलेगा राज?
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद स्थित नगला एनक्लेव पार्ट-2 में देर रात फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। यहां हरियाणा पुलिस के रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर सुरजीत बैंसला के घर को निशाना बनाकर दो अज्ञात युवकों ने कथित तौर पर तीन राउंड गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। वारदात के समय परिवार घर के अंदर सो रहा था। गोली लगने से मकान का शीशा टूट गया और दीवार पर भी निशान मिले। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में पूरी वारदात कैद हो गई है।
बुलेट बाइक पर पहुंचे दो युवक, फायरिंग कर हुए फरार
रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर सुरजीत बैंसला के मुताबिक, देर रात एक पड़ोसी ने उन्हें मकान पर गोली चलने की सूचना दी। इसके बाद उन्होंने घर के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में दो युवक बुलेट बाइक से आते और मकान के पास रुककर फायरिंग करते दिखाई दिए। बताया गया है कि हमलावरों ने चेहरे नहीं ढके थे। गोलीबारी के बाद दोनों बाइक से फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एक गोली मकान के शीशे पर, दूसरी दीवार पर लगी, जबकि तीसरी गोली हवा में चलाई गई।
फायरिंग की वजह स्पष्ट नहीं, पुलिस ने दर्ज की FIR
सुरजीत बैंसला ने बताया कि वह आरोपियों को पहचानते नहीं हैं। ऐसे में फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उनके घर को निशाना बनाने के पीछे क्या वजह थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सारण थाना प्रभारी हुक्म सिंह के अनुसार, पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और CCTV फुटेज की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने और फायरिंग के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
