चोरी की पटकथा लिखती थी युवती, 9 सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश, चार नाबालिग भी शामिल
बलौदाबाजार : जिले में शिक्षक दंपति के घर हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में गिरोह की कमान एक युवती के हाथ में थी। पुलिस ने युवती समेत कुल नौ आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें चार विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। आरोप है कि युवती चोरी की योजना तैयार करती थी और गिरोह के सदस्य सूने मकानों को निशाना बनाते थे।
ताला तोड़कर घर में घुसे, अलमारी से लिए जेवर
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की शिवा रेसिडेंसी कॉलोनी का है। प्रार्थी तुलसी चरण जायसवाल (32), पिता योगेन्द्र नारायण, ने पुलिस को बताया कि 17 से 20 अक्टूबर के बीच अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और चांदी के सिक्के चोरी कर लिए गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 16 हजार रुपये बताई गई है। शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4), 305 और 61(2) तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 और 78 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले, ऐसे खुला गिरोह का राज
चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। आसपास के रास्तों और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। मुखबिरों से मिली जानकारी और लगातार जांच के आधार पर पुलिस वारदात में कथित रूप से शामिल गिरोह तक पहुंची। पुलिस ने दबिश देकर कुल नौ आरोपियों को पकड़ा। इनमें पांच वयस्क, एक महिला और चार पुरुष और चार नाबालिग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह की युवती चोरी की योजना बनाने में प्रमुख भूमिका निभाती थी और उसके साथी सूने घरों को निशाना बनाते थे। पुलिस ने वयस्क आरोपियों में रितेश कुमार पाढ़ी, हेमनाथ यादव उर्फ गोलू उर्फ टप्पू, प्रियांशु साहू उर्फ लक्की, युवराज दुलानी उर्फ युवी और सृष्टि उर्फ डाली ठाकुर को गिरफ्तार किया हैं। इसके अलावा चार विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। सभी नौ आरोपियों को 23 अक्टूबर को गिरफ्तार का उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की गई।
