20 लाख के कर्ज ने बनाया कातिल, पैसे देने से किया इनकार, तो टीचर और बेटे को उतरा मौत के घाट

20 लाख के कर्ज ने बनाया कातिल, पैसे देने से किया इनकार, तो टीचर और बेटे को उतरा मौत के घाट

सूरजपुर : पैसों की जरूरत, कर्ज का दबाव और लालच… इन सबके बीच भरोसे के रिश्ते का ऐसा खौफनाक अंत हुआ कि एक परिवार पूरी तरह उजड़ गया। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में सरकारी स्कूल की शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके 18 वर्षीय बेटे सुजल बरेठ की दोहरी हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रवेश कुमार उर्फ परवेश मृतका की सहेली का पति है और उसका रजनी के घर आना-जाना था। आरोप है कि पैसों की मांग पूरी नहीं होने पर उसने पहले रजनी की हत्या की और फिर बेटे सुजल को भी मौत के घाट उतार दिया, ताकि वारदात का राज न खुल सके।

सूरजपुर पुलिस और अंबिकापुर साइबर सेल की संयुक्त जांच में सीसीटीवी फुटेज, संदिग्ध की गतिविधियों और कार की पहचान अहम कड़ी बनी। गुरुवार को पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और वारदात का सीन रिक्रिएट कराया। इसके बाद अंबिकापुर के तेंदूपारा में एक परिचित के घर से मोबाइल फोन, ज्वेलरी और अन्य सामान बरामद किए गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त की है।

नहीं दिया कर्ज, तो रची अपराध की साजिश

Read More साइबर ठगों की रकम खपाने का खेल बेनकाब, म्यूल बैंक खाते का मालिक गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि आरोपी मोटर-पार्ट्स व्यवसाय के लिए करीब 20 लाख रुपये का लोन ले चुका था, उसे और पैसों की जरूरत थी। रजनी बरेठ ने भी करीब 19 लाख रुपये का लोन लिया था। आरोपी को उम्मीद थी कि रजनी उसे रकम दे देगी, लेकिन जब उसने इनकार किया तो विवाद हिंसक हो गया। पुलिस का दावा है कि इसी के बाद आरोपी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। रजनी बेलटिकरी के सरकारी स्कूल में शिक्षिका थी। आरोपी की पत्नी भी उसी स्कूल में पदस्थ थी। इसी परिचय के चलते आरोपी का रजनी के घर आना-जाना था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर वह 9 अक्टूबर को रजनी के घर पहुंचा।

Read More फर्जी बिलिंग से करोड़ों के लेन-देन तक! खैर लकड़ी तस्करी नेटवर्क पर महासमुंद पुलिस का शिकंजा, ₹1.70 करोड़ जब्त

बाथरूम में खींचकर की हत्या, बेटे को भी नहीं छोड़ा

पुलिस की जांच के अनुसार 9 अक्टूबर की शाम रजनी ड्यूटी से घर लौटी थीं, जबकि उनका बेटा सुजल ट्यूशन के लिए बाहर गया था। इसी दौरान आरोपी ने रजनी से रुपये मांगे। इनकार करने पर दोनों के बीच झूमाझटकी हुई। पुलिस का आरोप है कि रजनी ने बचने की कोशिश की तो आरोपी उन्हें बाथरूम में खींच ले गया। वहां शैम्पू की बोतल से सिर पर वार करने के बाद गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी को अंदेशा था कि सुजल घर पहुंचकर मां की हत्या का राज जान सकता है। आरोपी ने इसके बाद सुजल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

मां के बारे में झूठ बोलकर कार में बैठाया

आरोपी ने पहले अपनी कार वॉशिंग सेंटर में धुलवाई थी। रजनी की स्कूटी नायरा पेट्रोल पंप के पास खड़ी किए जाने और आरोपी के वॉशिंग सेंटर लौटने की कड़ियां भी जांच में सामने आई। इसके बाद वह कार लेकर उस रास्ते के तिराहे पर पहुंचा, जहां से सुजल के घर आने की संभावना थी। रात करीब 9 बजे सुजल मिला तो आरोपी ने उससे कहा कि उसकी मां उसके घर पर है। इस बात पर भरोसा कर सुजल कार में बैठ गया। आरोपी उसे कार से अंबिकापुर की ओर ले गया और रास्ते में मैगी भी खिलाई। पुलिस के अनुसार, बाद में दोनों राई जंगल की ओर पहुंचे। राई जंगल में आरोपी ने बाथरूम जाने का बहाना किया और सुजल पर हमला कर दिया। उसने पहले गले में स्टॉक कसकर उसकी हत्या करने की कोशिश की। सुजल ने भागने का प्रयास किया तो सड़क किनारे पड़े सीमेंट के खंभे के टुकड़े से उसके सिर और सीने पर वार किए। इससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने सुजल का शव कार में रखा और कालीघाट की ओर ले जाकर ग्रामीण सड़क किनारे फेंक दिया। 10 अक्टूबर की सुबह महावीरपुर में नेशनल हाईवे-43 से लगी सड़क के पास शव मिला।

स्कूटी पेट्रोल पंप पर मिली, घर में मिला मां का शव

10 अक्टूबर की सुबह सुजल का शव मिलने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान विश्रामपुर के कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में 12वीं के छात्र के रूप में की। जांच में उसकी स्कूटी घर से करीब 500 मीटर दूर पेट्रोल पंप पर लावारिस हालत में मिली। जब पुलिस देर रात उसके घर पहुंची तो मुख्य दरवाजे पर ताला लगा था और रजनी का भी पता नहीं चल रहा था। इसके बाद रिश्तेदारों की मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा गया। अंदर बाथरूम में रजनी बरेठ का शव मिला। मां और बेटे की हत्या की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई।

सीसीटीवी ने खोली आरोपी तक पहुंचने की राह

शुरुआत में मामला ब्लाइंड मर्डर का था। पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक व्यक्ति को रजनी के घर की ओर जाते देखा गया। इसी तरह के कपड़ों में एक व्यक्ति विश्रामपुर के कार वॉशिंग सेंटर पर कार धुलवाते भी नजर आया। वाहन नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी प्रवेश कुमार तक पहुंची। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आरोपी फरार भी हुआ था। बाद में उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने दोनों हत्याओं को स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिक्रिएशन कराया और अन्य बरामदगियां कीं।

एक हत्या छिपाने के लिए दूसरी हत्या

इस दोहरे हत्याकांड में पुलिस की जांच के अनुसार, पहली हत्या के बाद आरोपी ने बेटे को भी इसलिए निशाना बनाया, क्योंकि उसे घटना की जानकारी होने की आशंका थी। एक परिचित परिवार के घर तक पहुंच रखने वाला व्यक्ति कथित तौर पर पैसों के विवाद में इतना आगे बढ़ गया कि मां और बेटे दोनों की जान ले ली। फिलहाल पुलिस बरामद सामान, सीसीटीवी फुटेज, वाहन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ आरोपों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया में होगा।

Tags:

Latest News

शिक्षक की कमी दूर करने डीपीआई का नया फॉर्मूला, अब एक लेक्चरर पढ़ाएंगे दो विषय शिक्षक की कमी दूर करने डीपीआई का नया फॉर्मूला, अब एक लेक्चरर पढ़ाएंगे दो विषय
20 लाख के कर्ज ने बनाया कातिल, पैसे देने से किया इनकार, तो टीचर और बेटे को उतरा मौत के घाट
तीसरे युवक से बातचीत बनी नाबालिग के मौत की वजह, पांच साल के प्रेम संबंध का हुआ अंत, प्रेमी और साथी गिरफ्तार
जिन्होंने संगठन को किनारे किया, हाईकमान ने उन्हें ही लगा दिया किनारे!
डॉ. गहवई पर गिरी गाज से चिकित्सा जगत में आक्रोश, लामबंद हुए डॉक्टर
हाईकोर्ट: संविदा महिला कर्मचारियों को भी मिलेगा 180 दिन का सवेतन मातृत्व अवकाश, बर्खास्तगी नोटिस रद्द
आखिर कैसा था 200 साल पहले का छत्तीसगढ़? फिल्म ‘मालगुजार’ में खुलेगा अतीत का राज
RSS प्रमुख डॉ मोहन भागवत पहुंचे बिलासपुर, छत्तीसगढ़ में संगठन के बंटवारे पर कल होगा बड़ा फैसला
स्कूल के 77.71 लाख के गबन कांड में नया मोड़, मुख्य आरोपी की मौत, सह-आरोपी बाबू ने दी आत्महत्या की धमकी
सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक पल! राष्ट्रपति मुर्मु ने माता हासी देवी की 200वीं जयंती पर जारी किया 200 का सिक्का
Manendragarh Bus Accident: छत्तीसगढ़ में भीषण बस हादसा! मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर पेड़ से भिड़ी बस, कई परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
Faridabad Firing News: रात 2 बजे रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के घर गोलियां बरसाकर फरार हुए बदमाश, CCTV से खुलेगा राज?