छत्तीसगढ़ में 10वीं-12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 1 जनवरी से, 20 जनवरी तक होंगे एग्जाम; 31 जनवरी तक अपलोड करने होंगे अंक
रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने 10वीं और 12वीं बोर्ड की प्रायोगिक परीक्षाओं को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। इसके अनुसार प्रदेश में कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 1 जनवरी से शुरू होकर 20 जनवरी तक आयोजित की जाएंगी। इसी अवधि में विद्यार्थियों को प्रायोजना कार्य यानी प्रोजेक्ट वर्क भी पूरा करना होगा। परीक्षाएं प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित की जाएंगी।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने परीक्षा की तारीखें घोषित करने के साथ ही सभी स्कूलों के प्राचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। मंडल की ओर से जारी निर्देशों की प्रति आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। स्कूल प्रबंधन को निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रायोगिक परीक्षाएं और प्रोजेक्ट वर्क की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
31 जनवरी तक पोर्टल पर अपलोड करने होंगे अंक
मंडल के निर्देशों के अनुसार, सभी विद्यालयों को 20 जनवरी तक प्रायोगिक परीक्षाएं संपन्न करानी होंगी। इसके बाद परीक्षार्थियों द्वारा प्राप्त अंकों को 31 जनवरी तक माध्यमिक शिक्षा मंडल के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
अंक अपलोड करते समय विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। मंडल ने स्पष्ट किया है कि एक बार पोर्टल पर अंक दर्ज होने के बाद यदि किसी प्रकार की त्रुटि होती है तो उसमें दोबारा संशोधन नहीं किया जा सकेगा। इसलिए स्कूलों को अंक अपलोड करने से पहले उनका अच्छी तरह मिलान करने की सलाह दी गई है।
निर्धारित समय-सीमा में विद्यार्थियों के अंक पोर्टल पर अपलोड नहीं करने वाले संस्थानों को प्रतिदिन एक हजार रुपये की दर से विलंब शुल्क देना होगा। ऐसे में स्कूलों को समय पर सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
पिछले साल की बची उत्तरपुस्तिकाओं का होगा उपयोग
प्रायोगिक परीक्षाओं के आयोजन को लेकर मंडल ने स्कूलों को एक और महत्वपूर्ण निर्देश दिया है। इसके तहत विद्यालयों को प्रायोगिक कार्यों के लिए पिछले सत्र में बची हुई उत्तरपुस्तिकाओं का इस्तेमाल करना होगा। इसके लिए नई उत्तरपुस्तिकाओं की व्यवस्था करने के बजाय पुरानी बची हुई उत्तरपुस्तिकाओं का उपयोग किया जाएगा।
बाहरी परीक्षक की नियुक्ति अनिवार्य
प्रायोगिक परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बाहरी परीक्षक की नियुक्ति अनिवार्य की गई है। इन परीक्षाओं के लिए बाह्य परीक्षकों की नियुक्ति माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा ही की जाएगी।
मंडल ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि विद्यालय अपने स्तर पर बाहरी परीक्षक नियुक्त नहीं कर सकेंगे। यदि किसी स्कूल द्वारा स्वयं बाह्य परीक्षक की नियुक्ति की जाती है तो संबंधित परीक्षा को अमान्य घोषित किया जा सकता है।
वहीं, प्रोजेक्ट वर्क का मूल्यांकन बाहरी परीक्षकों के बजाय संबंधित विद्यालय के शिक्षकों द्वारा ही किया जाएगा। यानी प्रायोगिक परीक्षा और प्रोजेक्ट वर्क के मूल्यांकन की जिम्मेदारी अलग-अलग निर्धारित की गई है।
फरवरी के अंतिम सप्ताह से शुरू हो सकती हैं मुख्य परीक्षाएं
इधर, बोर्ड की मुख्य परीक्षाओं को लेकर भी तैयारियां तेज हो गई हैं। अंदरूनी सूत्रों के अनुसार, पिछले सत्र की तरह इस बार भी 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाएं फरवरी के अंतिम सप्ताह से शुरू हो सकती हैं। हालांकि, मुख्य परीक्षाओं की आधिकारिक समय-सारिणी अभी जारी नहीं हुई है। माना जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया जा सकता है।
दो बड़ी वजहों से फरवरी में होंगी बोर्ड परीक्षाएं
इस बार फरवरी में बोर्ड परीक्षाएं आयोजित करने के पीछे दो प्रमुख वजहें बताई जा रही हैं। पहली वजह यह है कि माध्यमिक शिक्षा मंडल अब साल में दो बार 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं आयोजित कर रहा है। ऐसे में फरवरी में मुख्य परीक्षा कराने से जून में दूसरी परीक्षा आयोजित करने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
दूसरी वजह नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत से जुड़ी है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 को 16 जून के बजाय 1 अप्रैल से शुरू करने की तैयारी है। यदि बोर्ड परीक्षाएं अप्रैल तक चलती हैं तो स्कूलों में परीक्षा केंद्रों की बैठक व्यवस्था और नए सत्र की पढ़ाई शुरू कराने में परेशानी हो सकती है।
इसी को ध्यान में रखते हुए फरवरी के अंतिम सप्ताह से बोर्ड परीक्षाएं आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, विद्यार्थियों को मुख्य परीक्षा की पक्की तारीखों के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक समय-सारिणी का इंतजार करना होगा।
