स्कूल के कमरे में ले जाकर 6 साल की बच्ची से अश्लील हरकत, आरोपी शिक्षक गिरफ्तार; पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई
रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले एक प्राथमिक शाला में पदस्थ 52 वर्षीय शिक्षक पर महज 6 साल की मासूम स्कूली छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश का माहौल है।
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना 12 नवंबर की दोपहर की है। आरोपी शिक्षक की पहचान अजय कुमार भट्ट (उम्र 52 वर्ष), निवासी दूसेकेला (थाना खरसिया, जिला रायगढ़) के रूप में हुई है। वह एक प्राथमिक शाला में बच्चों को पढ़ाने का कार्य करता है।
घटना के अगले दिन यानी 13 नवंबर को जब बच्ची की दादी ने उसे रोज की तरह स्कूल जाने के लिए तैयार होने को कहा, तो बच्ची ने स्कूल जाने से साफ इनकार कर दिया। जब दादी ने बच्ची के न जाने का कारण पूछा और उसे प्यार से समझाया, तो मासूम ने जो आपबीती सुनाई, उसे सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
बच्ची ने सुनाई डरावनी आपबीती
मासूम छात्रा ने अपनी दादी को रोते हुए बताया कि 12 नवंबर को स्कूल के समय शिक्षक अजय कुमार भट्ट उसे और कक्षा के एक अन्य छात्र को बहला-फुसलाकर स्कूल के एक दूसरे कमरे में ले गए थे। उस कमरे में शिक्षक ने कुर्सी पर बैठकर अपनी पैंट की जिप खोली और अपना निजी अंग बच्ची को दिखाया। इस अश्लील हरकत से सहमी हुई बच्ची ने घर आकर पहले डर के मारे किसी को कुछ नहीं बताया था, लेकिन जब दोबारा स्कूल जाने का दबाव बना तो उसने अपनी दादी को पूरी सच्चाई बता दी।
परिजनों ने की शिकायत और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
बच्ची की मुंह से अपनी आपबीती सुनकर उसकी दादी और परिवार के अन्य सदस्यों के होश उड़ गए। परिजनों ने तुरंत इसकी जानकारी गांव के प्रमुख लोगों को दी। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए 'डायल 112' पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। परिजन बच्ची को लेकर तुरंत महिला थाना पहुँचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। परिजनों की शिकायत के आधार पर घरघोड़ा थाने में आरोपी शिक्षक अजय कुमार भट्ट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 और लैगिंक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act) की धारा 8 व 12 के तहत गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया।
गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
मामले की गंभीरता को देखते हुए घरघोड़ा पुलिस ने बिना कोई देरी किए आरोपी शिक्षक को तत्काल अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की और मामले की शुरुआती विवेचना पूरी की। इसके बाद पर्याप्त सबूत मिलने पर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की आगे की सूक्ष्म जांच जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने पहले भी इस तरह की कोई हरकत तो नहीं की है।
