लौटें रहे हैं सचिव जी, फिर जमेगी फुलेरा की चौपाल, बनराकस और क्रांति देवी के हाथों में होगी गांव की सत्ता, रिलीज होगा ‘पंचायत 5’
मुंबई : गांव की छोटी-छोटी बातों, सियासी उठापटक और आम लोगों की जिंदगी को हंसी-मजाक के अंदाज में पर्दे पर उतारने वाली लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटने जा रही है। लंबे इंतजार के बाद मेकर्स ने इसके पांचवें सीजन यानी ‘पंचायत 5’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। यह सीरीज 3 दिसंबर 2026 से ओटीटी प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।
प्राइम वीडियो ने बुधवार को नए सीजन का पोस्टर जारी करते हुए रिलीज की तारीख साझा की। इसके साथ ही दर्शकों की उत्सुकता भी बढ़ गई है। पोस्टर में बनराकस और सचिव जी के बीच टकराव की झलक देखने को मिल रही है। मेकर्स ने पोस्ट के साथ लिखा, 'थोड़ी तकरार थोड़ा प्यार रहेगा, फुलेरा में आपका इंतजार रहेगा।'
इस बार बदली होगी फुलेरा की सियासत
‘पंचायत 4’ के अंत में गांव की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला था। मंजू देवी और प्रधान जी की सत्ता जाने के बाद क्रांति देवी गांव की नई प्रधान बन गई थीं। अब पांचवें सीजन में इसी बदले हुए राजनीतिक माहौल की कहानी आगे बढ़ेगी। बनराकस की बढ़ती भूमिका और नए सत्ता समीकरणों के बीच सचिव जी की मुश्किलें भी बढ़ने वाली हैं। नए सीजन की कहानी में अभिषेक त्रिपाठी यानी सचिव जी के सामने कार्यस्थल पर बदलते माहौल और नई चुनौतियों का सामना करने की स्थिति होगी। दूसरी ओर वह एमबीए की तैयारी और अपने भविष्य को लेकर भी गंभीर नजर आएंगे। ऐसे में सवाल यह है कि क्या सचिव जी फुलेरा छोड़कर अपने सपनों की राह पर आगे बढ़ पाएंगे या गांव की नई परिस्थितियां उन्हें फिर उलझाकर रख देंगी?
पुराने चेहरों की फिर होगी वापसी
पांचवें सीजन में जितेंद्र कुमार एक बार फिर अभिषेक त्रिपाठी यानी सचिव जी के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ रघुबीर यादव (प्रधान जी), नीना गुप्ता (मंजू देवी), सुनीता राजवर (क्रांति देवी), फैसल मलिक (प्रह्लाद चा), चंदन रॉय (विकास), संविका (रिंकी), दुर्गेश कुमार (बनराकस) और अशोक पाठक (बिनोद) जैसे कलाकार भी अपने पुराने किरदारों में दिखाई देंगे। द वायरल फीवर (टीवीएफ) के निर्माण में बनी इस सीरीज का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसकी खासियत गांव की सहज जिंदगी, स्थानीय राजनीति, रिश्तों की खींचतान और हल्के-फुल्के हास्य को वास्तविकता के करीब दिखाना रही है।
दर्शकों को है नए ट्विस्ट का इंतजार
‘पंचायत’ के पिछले चार सीजन को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिला है। अब पांचवें सीजन में फुलेरा की चौपाल पर कौन किस पर भारी पड़ेगा, बनराकस की नई भूमिका क्या रंग दिखाएगी और सचिव जी के भविष्य का फैसला किस मोड़ पर पहुंचेगा, यह देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल दर्शकों को 3 दिसंबर का इंतजार है, जब एक बार फिर फुलेरा की दुनिया ओटीटी पर दस्तक देगी।
