दो दिन थमेगी जंगल सफारी की सैर, 10 और 11 नवंबर को पर्यटकों की एंट्री पर रोक
रायपुर : दीपावली के जश्न के बीच अगर आप रायपुर की जंगल सफारी और चिड़ियाघर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो तारीख जरूर देख लीजिए। त्योहार के दौरान जंगल सफारी और जू के दरवाजे दो दिनों तक पर्यटकों के लिए बंद रहेंगे। प्रशासन ने 10 और 11 नवंबर को यहां पर्यटकों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्णय लिया है।
आतिशबाजी और भीड़ से वन्यजीवों को बचाने की कोशिश
दीपावली पर पटाखों का शोर, आतिशबाजी और पर्यटकों की संभावित भीड़ वन्यजीवों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। तेज आवाज और अनावश्यक हलचल से वन्य प्राणियों में तनाव पैदा होने के साथ उनके व्यवहार पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन दो दिनों तक पर्यटन गतिविधियां बंद रखने का फैसला लिया है।
2 दिन पूरी तरह बंद रहेगा प्रवेश

इस संबंध में कार्यालय मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्र संचालक, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व, रायपुर की ओर से औपचारिक आदेश जारी किया गया है। आदेश के अनुसार 10 और 11 नवंबर को जंगल सफारी परिसर और चिड़ियाघर में पर्यटकों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान सभी पर्यटन गतिविधियां स्थगित रहेंगी।
पर्यटकों से सहयोग की अपील
प्रशासन का कहना है कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, सरकारी संपत्ति को नुकसान से बचाने और वन्यजीवों को शांत वातावरण उपलब्ध कराने के लिए यह कदम उठाया गया है। पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों का ध्यान रखें और प्रशासन की व्यवस्था में सहयोग करें। यानी दीपावली के दो दिन जंगल सफारी में सैर-सपाटा नहीं होगा। वन्यजीवों की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया यह फैसला पर्यटकों के लिए जरूरी सूचना है।
