20 हजार के कमीशन में 2.20 करोड़ का साइबर खेल, तीन आरोपियों को हाई कोर्ट से झटका
बिलासपुर : साइबर ठगी के जरिए करोड़ों रुपए का लेन-देन करने के मामले में छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने तीन आरोपियों को राहत देने से इनकार कर दिया है। 2.20 करोड़ रुपए से अधिक के संदिग्ध लेन-देन और 21 साइबर शिकायतों से जुड़े बैंक खाते की गंभीरता को देखते हुए जस्टिस राकेश मोहन पांडेय की सिंगल बेंच ने तीनों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं।
खाते में आए 2.20 करोड़, लगभग पूरी रकम निकाल ली गई
मामले की शुरुआत छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की मंगला शाखा से हुई। शाखा प्रबंधक आरती कुरील ने संदिग्ध लेन-देन की शिकायत बिलासपुर रेंज साइबर थाने में दर्ज कराई थी। जांच में पता चला कि 18 मई से 12 जून 2026 के बीच अजय कुमार सोनी के बैंक खाते में 2 करोड़ 20 लाख 68 हजार 443 रुपए जमा हुए। इसी दौरान 2 करोड़ 19 लाख 55 हजार 966 रुपए निकाल लिए गए। जांच में यह रकम साइबर ठगी से हासिल होने की बात सामने आई।
20-20 हजार के कमीशन पर खुलवाए गए खाते
पुलिस के अनुसार अजय कुमार सोनी ने अपनी फर्म के नाम से मंगला शाखा में बैंक खाता खुलवाया था। आरोप है कि अभिलाष कुमार डेनियल उर्फ चिंटू ने उसे खाता खुलवाने के लिए कहा। नरेंद्र कुर्रे के संपर्क से राजस्थान निवासी विपिन से मुलाकात कराई गई। विपिन ने अजय और अभिलाष को 20-20 हजार रुपए कमीशन दिया, जबकि नरेंद्र कुर्रे ने भी प्रत्येक बैंक खाते के बदले 20 हजार रुपए देने की बात कही थी। इस मामले में पुलिस ने अभिलाष कुमार डेनियल, आशीष तिवारी और नरेंद्र कुर्रे को गिरफ्तार किया था।
चार्जशीट पेश होने की दलील भी नहीं आई काम
आरोपियों की ओर से अदालत में दलील दी गई कि चार्जशीट पेश हो चुकी है और वे लंबे समय से जेल में बंद हैं। इसलिए उन्हें जमानत दी जानी चाहिए। वहीं राज्य शासन ने अपराध की गंभीरता का हवाला देकर जमानत का विरोध किया। जांच के दौरान पुलिस ने पासबुक, चेकबुक, मोबाइल फोन, मुहर, लैपटॉप, पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, पंजीयन प्रमाणपत्र और आधार कार्ड जब्त किए थे। मामले के तथ्यों और जब्त सामग्री को देखते हुए हाई कोर्ट ने तीनों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं।
