आमेर में टूरिस्ट गाइड की चाकू मारकर हत्या, मौत के बाद फूटा लोगों का गुस्सा; बाजार बंद कर सड़क पर उतरे स्थानीय लोग
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के ऐतिहासिक आमेर इलाके में पर्यटकों के बीच रास्ता बताने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। सोमवार को आमेर मावठा के पास एक जीप चालक ने टूरिस्ट गाइड पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती 40 वर्षीय मनीष कुमार सोनी ने मंगलवार सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद आमेर में तनाव का माहौल बन गया और गुस्साए स्थानीय लोगों ने बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी जीप चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पर्यटकों को रास्ता बताना बना विवाद की वजह
पुलिस के अनुसार मनीष कुमार सोनी सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे आमेर मावठा पहुंचा था। इसी दौरान एक निजी कार से आए पर्यटकों ने उससे आमेर किले तक जाने का रास्ता पूछा। पास में मौजूद जीप चालक आजम ने पर्यटकों से कहा कि निजी कारों को किले तक जाने की अनुमति नहीं है और उन्हें उसकी जीप से जाना चाहिए। बताया जा रहा है कि मनीष ने पर्यटकों को रास्ता समझा दिया और वे अपनी कार से ही आगे बढ़ गए। इसी बात को लेकर आजम और मनीष के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर चाकू निकाल लिया।
पेट में चाकू घोंपा, ICU में चल रहा था इलाज
पुलिस के मुताबिक बहस के दौरान आजम ने मनीष के पेट में चाकू मार दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल मनीष को तत्काल SMS अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे ICU में भर्ती किया। काफी प्रयास के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और आज सुबह करीब 7 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मौत की खबर मिलते ही आमेर में बाजार बंद
मनीष की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ गया। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और घटना के विरोध में आमेर के बाजार बंद करा दिए गए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर जाम लगाकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि पर्यटन क्षेत्र में काम करने वाले स्थानीय लोगों के बीच विवाद की ऐसी घटनाएं क्षेत्र की छवि को भी प्रभावित करती हैं। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, अतिरिक्त बल तैनात
प्रदर्शन और बाजार बंद की सूचना मिलते ही आमेर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आसपास के क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। ACP (आमेर ट्रेनिंग) और IPS अधिकारी प्रतीक सिंह के मुताबिक, मृतक की पहचान मनीष कुमार सोनी के रूप में हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। फिलहाल, पुलिस विवाद की शुरुआत से लेकर चाकूबाजी तक की पूरी घटना के तथ्यों को जुटा रही है। साथ ही घटना के दौरान मौजूद लोगों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी ली जा रही है।
