दुर्गा पंडाल में श्रद्धालु बनकर पहुंचीं महिलाएं, सोने की चेन चोरी करने का आरोप, 3 संदिग्ध महिलाएं गिरफ्तार
बिलासपुर : दुर्गा पंडाल में आरती के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर महिला के गले से सोने की चेन चोरी करने का मामला सामने आया है। बिलासपुर के तेलीपारा रोड स्थित शहीद चंद्रशेखर आजाद दुर्गा उत्सव समिति के पंडाल में हुई इस घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया ब्लेड भी जब्त किया है।
पुलिस ने बताया कि 18 अक्टूबर की रात करीब 8.30 बजे श्वेता कश्यप दुर्गा पंडाल में आरती कर रही थी। इसी दौरान उनके गले से लगभग 14 ग्राम सोने की चेन चोरी हो गई। चेन की कीमत करीब 60 हजार रुपये आंकी गई है। घटना के बाद उनके बेटे शौर्य कश्यप ने सिटी कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से मिली जानकारी, ब्लेड सहित 3 आरोपी गिरफ्तार
जांच में जुटी पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से जांच की। फुटेज में मिले हुलिए के आधार पर संदिग्ध महिलाओं की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान 20 अक्टूबर को उसलापुर रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध महिलाओं के होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तीन महिलाओं को हिरासत में लिया। पूछताछ करने के बाद वर्षा बंसल, आशा बंसल और सबिता उर्फ सरिता बंसल को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में तीनों ने चोरी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों ने पंडाल में एक अन्य महिला की चेन चोरी करने और उसे अपनी साथी रीना बंसल को देने की बात भी बताई है। पुलिस ने मामले में उपयोग किया गया ब्लेड जब्त कर लिया है। गिरफ्तार महिलाओं को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब साथी रीना बंसल की भूमिका और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में जांच कर रही है।
