सेंधमारी कर शराब दुकान में घुसे चोर, ब्रांडेड शराब की बोतलों समेत नकदी पर किया हाथ साफ; पुलिस ने दर्ज किया केस
बिलासपुर : सकरी थाना क्षेत्र के कोड़ापुरी स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में चोरों ने सेंधमारी कर पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी हैं। अज्ञात आरोपियों ने दुकान की पिछली दीवार में सेंधमारी कर अंदर घुसकर अलग-अलग ब्रांड की शराब की बोतलों के साथ गल्ले में रखी नकदी भी समेट ले गए। चोरी गए शराब और नकदी की कुल कीमत 14,400 रुपए बताई गई है। मामले में शिकायत के बाद सकरी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुबह दुकान पहुंचा सुपरवाइजर, तब मिली चोरी की जानकारी
कोड़ापुरी स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में थाना सरगांव स्थित दौना निवासी सुजीत चतुर्वेदी (37) सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। 18 और 19 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में सेंधमारी कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। 19 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे जब सुजीत ड्यूटी पर पहुंचा, तब दुकान में चोरी होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत सकरी थाने में दर्ज कराई।
शराब की पेटी से लेकर महंगे ब्रांड तक ले गए चोर
चोरों ने दुकान में रखी शराब को निशाना बनाते हुए अलग-अलग ब्रांड की बोतलें चोरी कर लीं। चोरी गए सामान में एक पेटी प्लेन मदिरा के 48 पाव, जिनकी कीमत 3,840 रुपए है, शामिल हैं। इसके अलावा 3,200 रुपए की चार बोतल 8 पीएम ब्लैक, 1,400 रुपए की ब्लेंडर्स प्राइड रिजर्व, 640 रुपए की मेड ऑफ प्रीमियम की एक बोतल और 960 रुपए की व्हाइट एंड ब्लू शराब भी गायब मिली। इतना ही नहीं, चोर दुकान के गल्ले में रखे 4,360 रुपए नकद भी ले गए।
केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश जारी
घटना के बाद सुपरवाइजर ने सकरी थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है और सेंधमारी कर चोरी करने वाले आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।
