स्कूल फ्रेंड ने शादी का झांसा देकर युवती से किया दुष्कर्म, प्रेग्नेंट हुई तो खिलाई गर्भपात की दवा, अब वीडियो वायरल करने की दी धमकी
बिलासपुर : बचपन के दोस्त ने पहले प्यार का इजहार किया और शादी का वादा कर युवती का शारीरिक शोषण किया। आरोप है कि युवती के गर्भवती होने पर उसे गर्भपात की दवा खिला दी और बाद में अंतरंग वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा। पीड़िता ने अपने ही स्कूल के दोस्त के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जरूरत बताकर उससे रुपये और सोने की चेन भी ली, लेकिन अब शादी करने से इनकार कर रहा है। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बचपन की दोस्ती को प्यार में बदला, फिर किया शादी का वादा
पुलिस के अनुसार, जांजगीर जिले की रहने वाली 22 वर्षीय युवती बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहती है और एक ब्यूटी पार्लर में काम करती है। युवती मंगला के अभिषेक विहार फेस-1 निवासी विशाल पुरी गोस्वामी को बचपन से जानती थी। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे। शिकायत के अनुसार, जुलाई 2025 में विशाल ने युवती को किराए का मकान दिलाने में मदद की। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी। आरोप है कि विशाल ने युवती के सामने प्यार का इजहार किया और उससे शादी करने का वादा किया। युवती उसके भरोसे में आ गई और दोनों का मिलना-जुलना शुरू हो गया।
रात में पहुंचा घर, दुष्कर्म कर बनाया वीडियो
युवती ने पुलिस को बताया कि अगस्त 2025 में एक रात उसकी सहेली घर पर मौजूद नहीं थी। इसी दौरान रात करीब 10 बजे विशाल उससे मिलने पहुंचा। आरोप है कि उसने शादी का भरोसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म किया और इस दौरान अंतरंग वीडियो भी बना लिया। बाद में इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी उस पर बार-बार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डालता रहा। शादी की उम्मीद में युवती उसकी बातों में आती रही, लेकिन हालात तब और गंभीर हो गए, जब उसे अपनी गर्भावस्था का पता चला।
युवती को खिला दी गर्भपात की दवा
लगातार शारीरिक संबंधों के बाद युवती गर्भवती हो गई। इसके बाद युवती ने विशाल पर शादी करने का दबाव बनाया। आरोपी ने वादा किया कि गर्भपात करने के बाद ही शादी करेगा और फिर उसे गर्भपात की दवा लाकर खिला दी। पीड़िता का कहना है कि गर्भपात के बाद जब उसने दोबारा शादी की बात उठाई, तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। अब वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा हैं।
जरूरत बताकर लिए रुपये और सोने की चेन
युवती ने आरोप लगाया है कि विशाल समय-समय पर जरूरत बताकर उससे रुपये मांगता था। उसने आरोपी को नकद रकम देने के साथ अपनी सोने की चेन भी रखने के लिए दी थी। आरोप है कि मांगने के बावजूद विशाल ने चेन वापस नहीं की। लगातार मिल रही कथित धमकियों और शादी से इनकार किए जाने से परेशान युवती ने आखिरकार अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद उसकी मां सोने की चेन वापस मांगने आरोपी के घर पहुंची तो वहां भी विवाद हुआ।
पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की तलाश जारी
मामले में पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने विशाल पुरी गोस्वामी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। जल्द गिरफ्तार किए जाने की बात कही गई है।
