हाईवा से करता था वायर चोरी, 30 हजार के माल सहित आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर : हाईवा वाहन से वायर चोरी करने के मामले में चकरभाठा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया वायर बरामद कर लिया है। बरामद वायर की कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, विनोबा नगर निवासी दीपक निगम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका हाईवा वाहन क्रमांक सीजी 04 एमके 7720 ट्रांसपोर्ट नगर में खड़ा था। किसी ने 8 सितंबर की रात करीब 3:30 बजे हाईवा की बॉडी में लगे वायर काटकर चोरी कर लिया हैं। चोरी की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को चोरी में वाहन मालिक के यहां पहले काम कर चुके सिरगिट्टी थाना के तिफरा सत्यानगर निवासी सुभाष मोहले (30) पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने वायर चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हाईवा से चोरी किए गए वायर को बरामद कर लिया। आरोपी सुभाष मोहले के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112 या नजदीकी थाने में सूचना दें।
