पत्नी से विवाद के बाद ससुराल में खौफनाक हरकत! आधी रात घर में घुसा पति, दादा-पोते पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप
सूरजपुर। रामानुजनगर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक परिवार को दहला दिया। पत्नी से चल रहे विवाद के बाद एक व्यक्ति पर अपने ससुराल पहुंचकर घर में सो रहे दादा और छह साल के मासूम पोते को निशाना बनाने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने दोनों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। अचानक भड़की आग में दादा और पोता झुलस गए। दोनों को करीब 20 प्रतिशत तक जलने की जानकारी सामने आई है। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पत्नी के मायके जाने से नाराज था आरोपी
पुलिस के अनुसार, खालापार निवासी भजन सिंह का अपनी पत्नी संगीता के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के दौरान दोनों के बीच मारपीट भी हुई, जिसके बाद संगीता घर छोड़कर चली गई थी। कई दिनों तक पत्नी के वापस नहीं आने पर भजन सिंह उसकी तलाश में रामेश्वरम गांव स्थित ससुराल पहुंचा। वहां पत्नी के नहीं मिलने पर उसका गुस्सा और बढ़ गया।
साले से हुआ विवाद, दी धमकी
ससुराल पहुंचने के बाद आरोपी ने पत्नी के भाई कल सिंह से विवाद किया। पुलिस के मुताबिक, भजन सिंह ने पत्नी के मायके से चले जाने के लिए उसके भाई को जिम्मेदार ठहराया और विवाद के दौरान ससुराल पक्ष के लोगों को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी भी दी। विवाद के बाद वह वहां से चला गया, लेकिन पुलिस के मुताबिक मामला यहीं खत्म नहीं हुआ।
रात के सन्नाटे में दोबारा पहुंचा ससुराल
आरोप है कि देर रात भजन सिंह फिर से ससुराल पहुंचा। उसने घर के बाहर लगी टटरी को हटाकर अंदर प्रवेश किया। उस वक्त घर में छह वर्षीय सत्यम सिंह अपने दादा जय सिंह के साथ एक ही बिस्तर पर कंबल ओढ़कर सो रहा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सो रहे दोनों के ऊपर पेट्रोल डाल दिया और फिर माचिस से आग लगा दी। अचानक आग की लपटें उठने से घर के भीतर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।
मासूम समेत दादा गंभीर रूप से झुलसे
आग की चपेट में आने से सत्यम और उसके दादा जय सिंह झुलस गए। दोनों को तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों करीब 20 प्रतिशत तक झुलसे हैं। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मौके से जुड़े तथ्यों और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद रामानुजनगर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और आरोपी भजन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और विवाद की पृष्ठभूमि की जांच कर रही है।
