कार के सीक्रेट चेंबर में छिपा रखा था गांजा, पुलिस ने खोला राज; 10.543 किलो माल जब्त, दो नाबालिग समेत 4 पकड़े गए
डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। बोरतलाव थाना पुलिस ने डोंगरगढ़-महाराष्ट्र मार्ग पर कार्रवाई करते हुए एक अल्टो कार से 10 किलो 543 ग्राम गांजा बरामद किया है। गांजे को वाहन के अंदर बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाया जा रहा था। मामले में दो वयस्क आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
मुखबिर की सूचना पर सड़क पर बिछाया जाल
पुलिस के अनुसार, 1 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि ग्रे रंग की अल्टो कार क्रमांक CG-07 M-5536 से चार लोग गांजा लेकर महाराष्ट्र की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने डोंगरगढ़-बोरतलाव मार्ग पर गोविंद लिल्हारे की किराना दुकान के पास नाकेबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध हुलिए वाली कार वहां पहुंची। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी शुरू की। सामान्य तलाशी के दौरान कुछ खास नहीं मिला, लेकिन वाहन की बारीकी से जांच करने पर पुलिस को सीटों के आसपास बनाए गए गुप्त हिस्से पर संदेह हुआ।
सीट के नीचे बने चेंबर से निकले गांजे के पैकेट
पुलिस ने कार की बीच वाली सीट के नीचे और सीट के पीछे बने विशेष चेंबर को खुलवाया। इसके अंदर 10 पैकेट रखे मिले। जांच के बाद इनमें गांजा होने की पुष्टि हुई। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन 10 किलो 543 ग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है।
जबलपुर के दो आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग भी मिले
मामले में पुलिस ने रोशनलाल बर्मन (54) और कृष्णदास बैरागी (55) को गिरफ्तार किया है। दोनों के जबलपुर निवासी होने की जानकारी दी गई है। इनके साथ दो विधि से संघर्षरत अपचारी बालकों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे महाराष्ट्र में किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश भी की जा रही है।
कार, मोबाइल और नकदी समेत 3.28 लाख की जब्ती
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजे के अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही अल्टो कार की कीमत करीब 2 लाख रुपये, एक मोबाइल फोन जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये और 3,040 रुपये नकद जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गांजा सहित कुल जब्ती की कीमत 3 लाख 28 हजार 40 रुपये है।
NDPS Act के तहत मामला दर्ज
बोरतलाव पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ NDPS Act की धारा 20(बी) के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि बरामद गांजा तस्करी के किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं था।
नशे के कारोबार पर पुलिस की नजर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मुखबिर तंत्र से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
